कालपी/उरई। कालपी नगर स्थित कांशीराम कॉलोनी के सामने रेलवे ट्रैक पर शुक्रवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची कालपी कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार इंटरसिटी एक्सप्रेस में यात्रा कर रहे यात्रियों ने रेलवे ट्रैक पर शव पड़े होने की सूचना जीआरपी चौकी कालपी को दी। सूचना मिलते ही जीआरपी प्रभारी संजना सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। जांच के दौरान घटनास्थल जीआरपी क्षेत्राधिकार से बाहर पाए जाने पर मामला कालपी कोतवाली पुलिस को सौंप दिया गया।

घटनास्थल कांशीराम कॉलोनी के समीप रेलवे ट्रैक के पोल संख्या 1274/10-12 के बीच स्थित है। सूचना मिलने पर रामगंज चौकी प्रभारी विशाल भड़ाना पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। समाचार लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी थी। पुलिस उसकी पहचान कराने के प्रयास के साथ ही मृत्यु के कारणों की भी जांच कर रही है।

Leave a comment