उरई। जीआरपी उरई ने चलती ट्रेनों में चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी के तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 22,500 रुपये बताई गई है।
जीआरपी के अनुसार शुक्रवार तड़के करीब 3:50 बजे प्लेटफॉर्म नंबर-1 के पश्चिमी छोर पर रेलवे लाइन के पास संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान बाबूलाल पाल (38) पुत्र रामप्रकाश निवासी ग्राम बनफरा, कोतवाली उरई को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक वीवो और दो ओप्पो कंपनी के मोबाइल फोन बरामद हुए।
पुलिस जांच में बरामद मोबाइल जीआरपी उरई में दर्ज चोरी के मुकदमों से संबंधित पाए गए। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने पिछले छह-सात माह के दौरान चलती ट्रेनों में महिलाओं के हैंडबैग चोरी किए थे। बैगों में रखे मोबाइल फोन और नकदी उसने चोरी कर ली थी। बरामद तीनों मोबाइल उन्हीं घटनाओं से जुड़े हैं।
जीआरपी ने आरोपी के विरुद्ध दर्ज मुकदमों में आवश्यक धाराओं की बढ़ोत्तरी करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई को थाना प्रभारी नागेंद्र सरोज के निर्देशन में उपनिरीक्षक प्रेमचंद्र, हेड कांस्टेबल राजीव कुमार, हेड कांस्टेबल आलोक कुमार तथा कांस्टेबल अंजेश कुमार की टीम ने अंजाम दिया।






Leave a comment