बिजली समस्याओं को लेकर भाकियू का प्रदर्शन, अधीक्षण अभियंता को सौंपा छह सूत्रीय ज्ञापन

उरई। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने किसानों की लंबित विद्युत समस्याओं को लेकर शुक्रवार को अधीक्षण अभियंता विद्युत को छह सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। संगठन ने आरोप लगाया कि पूर्व में दिए गए ज्ञापनों के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, जिससे किसानों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

भाकियू के जिलाध्यक्ष डॉ. द्विजेंद्र सिंह निरंजन के नेतृत्व में किसानों का प्रतिनिधिमंडल अधीक्षण अभियंता से मिला और विभिन्न समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की।

ज्ञापन में कहा गया कि खरीफ फसल की बुआई का समय निकट है, लेकिन निजी और सरकारी नलकूपों के लिए क्षतिग्रस्त बिजली के पोल एवं ट्रांसफार्मर अब तक ठीक नहीं किए गए हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में लो-वोल्टेज की समस्या के कारण पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है।

किसानों ने आरोप लगाया कि गांवों में नलकूपों की विद्युत लाइनें जर्जर होकर नीचे लटक रही हैं। शिकायतों के बावजूद विभाग द्वारा सुधार नहीं कराया गया है। वहीं, हाल की आंधी-तूफान में टूटे हाईटेंशन लाइन के खंभों और खेतों में पड़े बिजली के तारों को भी अब तक नहीं हटाया गया है, जिससे खेती-किसानी में खतरा बना हुआ है।

ज्ञापन में यह भी कहा गया कि जिले के अधिकांश विद्युत उपकेंद्रों पर पुरानी और जर्जर मशीनों के कारण बार-बार आपूर्ति बाधित होती है, जिन्हें शीघ्र बदला जाए। साथ ही किसानों ने आरोप लगाया कि नए बिजली कनेक्शन के लिए इस्टीमेट के अनुसार पूरी राशि जमा कराने के बावजूद आवश्यक सामग्री उपलब्ध नहीं कराई जाती। ऐसे मामलों में किसानों को उनकी राशि वापस करने की मांग भी की गई।

इस अवसर पर डॉ. केदारनाथ, बृजेश राजपूत, रामकुमार पटेल, दिनेश प्रताप गौर, श्याम सुंदर, चंद्रमोहन निरंजन, महेंद्र भाटिया, बबलू खरुसा, जेंटर सिंह, सोमेंद्र कुमार, चतुर सिंह पटेल, अजय पाल सिंह, देव सिंह, शिव बालक, सुभाष पटेल, अनिरुद्ध पटेल सहित बड़ी संख्या में किसान और भाकियू पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a comment