दबिश के दौरान कोबरा सिपाही पर हमला, बंधक बनाकर की पिटाई; तीन सगे भाई गिरफ्तार

जालौन। सिरसा कलार थाना क्षेत्र में दबिश देने गई पुलिस टीम पर हमला कर एक कोबरा सिपाही को बंधक बनाकर बेरहमी से पीटने का मामला सामने आया है। घटना में घायल सिपाही को पुलिस ने समय रहते मुक्त कराया। पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत तीन सगे भाइयों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

जानकारी के अनुसार एनसीआर के एक मामले में वांछित आरोपी मजीद पुत्र सफीउल्ला को गिरफ्तार करने के लिए कोबरा सिपाही सौरभ पटेल अपने एक साथी के साथ उसके घर पहुंचे थे। आरोप है कि दोनों सिपाहियों के घर में प्रवेश करते ही वहां मौजूद महिलाओं ने दरवाजा बंद कर दिया, जिससे सिपाही सौरभ पटेल अंदर ही फंस गए।

इसके बाद आरोपी मजीद तथा उसके भाई रफीक और सफीक ने कथित रूप से लाठी-डंडों और अन्य वस्तुओं से सिपाही पर हमला कर दिया। आरोप है कि सिपाही को करीब 20 मिनट तक बंधक बनाकर पीटा गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।

इस दौरान पुलिस टीम का दूसरा सिपाही किसी तरह मकान की छत से कूदकर बाहर निकलने में सफल रहा और थाने पहुंचकर घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घायल सिपाही को आरोपियों के चंगुल से मुक्त कराया।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी मजीद, रफीक और सफीक को गिरफ्तार कर लिया। घायल सिपाही का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया है और आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

क्षेत्राधिकारी अजय सिंह ने बताया कि सिपाही के साथ मारपीट की घटना की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a comment