कदौरा के महंत भगवत विशाल इंटर कॉलेज के सामने सड़क पर कब्जे का आरोप, प्रधानाचार्य कई बार कर चुके शिकायत
कदौरा (जालौन)। महंत भगवत विशाल इंटर कॉलेज कदौरा के मुख्य गेट के सामने इंटरलॉकिंग सड़क के दोनों ओर गिट्टी, बालू और ईंट के डंप लगाए जाने से छात्र-छात्राओं की सुरक्षा पर गंभीर खतरा बना हुआ है। विद्यालय प्रबंधन का आरोप है कि प्रतिदिन बड़ी संख्या में ओवरलोड ट्रक यहां पहुंचकर सड़क के किनारे निर्माण सामग्री डंप करते हैं और दिनभर ट्रैक्टरों के माध्यम से इसकी बिक्री की जाती है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य के अनुसार, सड़क के दोनों ओर गिट्टी, बालू और ईंट के ढेर लगे रहने से रास्ता संकरा हो गया है। इसी मार्ग से विद्यालय के छात्र-छात्राएं नियमित रूप से आवागमन करते हैं। डंप से माल ढोने वाले तेज रफ्तार ट्रैक्टरों की आवाजाही के कारण कभी भी गंभीर हादसा होने की आशंका बनी रहती है।
प्रधानाचार्य का कहना है कि इस संबंध में जिम्मेदार अधिकारियों को कई बार लिखित एवं मौखिक रूप से अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। विद्यालय प्रबंधन ने आशंका जताई है कि यदि सड़क से डंप हटाकर ट्रैक्टरों की अनियंत्रित आवाजाही पर रोक नहीं लगाई गई तो किसी बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता।
विद्यालय गेट के ठीक बगल में मौन साधना स्थल का देवस्थान भी स्थित है, जहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु आते हैं। ऐसे में निर्माण सामग्री के डंप और भारी वाहनों की आवाजाही से श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई गई है।
विद्यालय प्रबंधन और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले का तत्काल संज्ञान लेकर सड़क के दोनों ओर किए गए कथित अवैध कब्जे और निर्माण सामग्री के डंप हटवाने, भारी एवं ओवरलोड वाहनों की आवाजाही की जांच कराने तथा छात्र-छात्राओं एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि किसी दुर्घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय प्रशासन को पहले ही इस समस्या का समाधान करना चाहिए, ताकि किसी परिवार के घर का चिराग बुझने जैसी स्थिति उत्पन्न न हो।







Leave a comment