रोशनी स्टील फर्नीचर के संस्थापक यूसुफ अंसारी ने कहा—कर्मचारी ही प्रतिष्ठान की असली ताकत
उरई। इस्लामिक साल के चेहल्लुम माह के आखिरी बुधवार के अवसर पर रोशनी स्टील फर्नीचर के संस्थापक एवं प्रोपराइटर समाजसेवी यूसुफ अंसारी ने अपने प्रतिष्ठान पर कार्यक्रम आयोजित कर कर्मचारियों को सम्मानित किया। इस दौरान कर्मचारियों को मिठाई खिलाने के साथ कीमती उपहार भी वितरित किए गए।
कार्यक्रम में हाफिज शोएब अंसारी ने हजरत दाऊद अलैहिस्सलाम के नाम की फातिहा पढ़ी और दुनिया भर के मजदूरों एवं कर्मचारियों की तरक्की, खुशहाली तथा सलामती की दुआ की। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार हिंदू धर्म में विश्वकर्मा जयंती मनाकर श्रम एवं शिल्प परंपरा को सम्मान दिया जाता है, उसी प्रकार मुस्लिम समाज में हजरत दाऊद अलैहिस्सलाम को याद करते हुए फातिहा की जाती है। उन्होंने बताया कि धार्मिक मान्यता के अनुसार हजरत दाऊद अलैहिस्सलाम लोहे को पिघलाकर औजार बनाने से जुड़े रहे हैं।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रोशनी इलेक्ट्रॉनिक फर्नीचर के प्रोपराइटर यामीन अंसारी तथा विशिष्ट अतिथि हाशिम मेंबर रहे।
इस अवसर पर यामीन अंसारी ने कहा कि आज भी कुछ लोग मजदूरों और कर्मचारियों को हीन भावना से देखते हैं, ऐसे समय में यूसुफ अंसारी द्वारा हर वर्ष अपने कर्मचारियों का सम्मान करना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि श्रमिकों के सम्मान से उनके भीतर अपने कार्य के प्रति और अधिक उत्साह एवं जिम्मेदारी की भावना पैदा होती है।
कार्यक्रम में यूसुफ अंसारी ने सभी कर्मचारियों का स्वागत करते हुए कहा कि “हमारी असली ताकत हमारे कर्मचारी हैं।” उन्होंने कहा कि प्रतिष्ठान को आगे बढ़ाने में कर्मचारियों की मेहनत और पसीने का सबसे बड़ा योगदान है। जिन लोगों को सम्मानित किया जा रहा है, वे उनके प्रतिष्ठान की नींव हैं और उनके परिश्रम के बल पर ही कारोबार निरंतर आगे बढ़ रहा है।
इस अवसर पर रोशनी ग्रुप के आलिम अंसारी, आमिर अंसारी, सकेब अंसारी, फैजान अंसारी, साकिब अंसारी, कय्यूम अंसारी और आरिफ अंसारी सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम में मुन्ना अंसारी, संजय श्रीवास्तव, सईम, शहाबुद्दीन, जाबिर, ज्ञानेंद्र, प्रवीण अहिरवार, जमील सहित पांच दर्जन से अधिक कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर कर्मचारियों ने आयोजक के प्रति आभार व्यक्त किया।







Leave a comment