उरई। देशभर में सफलता के झंडे गाड़ रही फिल्म हनुमान अंश में उरई के युवा रंगकर्मी संतोष दीक्षित ने अभिनय कर जिले का नाम रोशन किया है। फिल्म के शुरुआती दृश्यों में चित्रकूट की मंदाकिनी नदी के किनारे स्थित एक धर्मशाला में शूटिंग की गई है, जिसमें संतोष दीक्षित ने धर्मशाला के प्रबंधक की भूमिका निभाई है। रंगमंच पर लंबे समय से सक्रिय संतोष के लिए बड़े पर्दे पर काम करने का यह पहला अवसर है।

मुहल्ला सुशील नगर निवासी संतोष दीक्षित मुख्य रूप से इप्टा संस्था से जुड़े हैं और पिछले कई वर्षों से युवाओं को रंग कार्यशालाओं के माध्यम से अभिनय की बारीकियां सिखा रहे हैं। उनका रंगमंच से जुड़ाव ही उन्हें फिल्म तक ले गया। संतोष ने बताया कि उनके मित्र मुंबई में रंगमंच से जुड़े हैं। फिल्म के लिए बुंदेलखंड के छोटे कलाकारों को अभिनय का अवसर दिलाने की जिम्मेदारी उनके मित्र को मिली थी। इसी माध्यम से उन्हें हनुमान अंश में धर्मशाला प्रबंधक की भूमिका मिली।

फिल्म के लेखक एवं निर्देशक विशाल चतुर्वेदी से मुलाकात का अनुभव भी संतोष के लिए खास रहा। बातचीत के दौरान उन्हें पता चला कि विशाल चतुर्वेदी के पूर्वज जालौन जिले के कोंच नगर के रहने वाले थे और बाद में मुंबई जाकर बस गए थे। वहीं उन्होंने रंगमंच की शुरुआत की। संतोष ने बताया कि इस जुड़ाव की जानकारी मिलने पर उन्हें लगा कि फिल्म से उनका रिश्ता केवल अभिनय तक सीमित नहीं, बल्कि बुंदेलखंड की मिट्टी से भी जुड़ा हुआ है।

संतोष दीक्षित ने कहा कि बड़े पर्दे पर काम करने का उनका यह पहला अनुभव है। रंगमंच पर वर्षों की साधना के बाद फिल्म में भूमिका मिलना उनके लिए व्यक्तिगत उपलब्धि के साथ-साथ जिले के लिए भी गर्व का विषय है। उन्होंने बताया कि फिल्म में बुंदेलखंड के अनेक कलाकारों को अवसर दिया गया है, जिससे इस क्षेत्र की प्रतिभाओं को व्यापक मंच मिला है।

फिल्म हनुमान अंश दर्शकों के बीच सफलता हासिल कर रही है और अब तक 200 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार कर चुकी है। फिल्म की सफलता के बीच उरई के रंगकर्मी संतोष दीक्षित की भूमिका ने स्थानीय कलाकारों के लिए भी नई उम्मीद जगाई है। रंगमंच से जुड़े लोगों का मानना है कि छोटे शहरों और बुंदेलखंड जैसे क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें बड़े मंच तक पहुंचाने की है।

इस अवसर पर इप्टा संस्थापक राज पप्पन, देवेंद्र शुक्ला, सुरेंद्र खरे, दीपेंद्र सिंह और अवधेश शर्मा सहित रंगमंच से जुड़े लोग मौजूद रहे।

Leave a comment