उरई। इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन-2026 को लेकर जनपद में 22 सितंबर से आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। इसके मद्देनजर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी समीर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों और आदर्श आचार संहिता के प्रावधानों की विस्तार से जानकारी दी गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों एवं अभ्यर्थियों से निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान आचार संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी मतदाता को प्रलोभन देना, भय अथवा दबाव के माध्यम से प्रभावित करना या निर्वाचन की निष्पक्षता पर प्रतिकूल प्रभाव डालने वाली किसी भी गतिविधि को स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी राजनीतिक दल निर्वाचन की गरिमा बनाए रखते हुए आयोग द्वारा निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही प्रचार-प्रसार तथा अन्य निर्वाचन संबंधी गतिविधियां संचालित करें।

बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को आदर्श आचार संहिता से संबंधित दिशा-निर्देशों की प्रति भी उपलब्ध कराई गई। इसके साथ ही इलाहाबाद-झांसी खंड स्नातक निर्वाचन के लिए प्रस्तावित 33 मतदेय स्थलों की सूची पर भी चर्चा की गई। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने बताया कि प्रस्तावित सभी मतदेय स्थल शासकीय भवनों में हैं और वहां आवश्यक आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध हैं। किसी भी दल की ओर से प्रस्तावित मतदेय स्थलों को लेकर कोई आपत्ति या सुझाव प्रस्तुत नहीं किया गया। सभी प्रतिनिधियों ने प्रस्तावित मतदेय स्थलों पर सहमति व्यक्त की।

जिला निर्वाचन अधिकारी समीर ने कहा कि निर्वाचन को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। उन्होंने निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों और राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से अपेक्षा की कि वे अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन निर्धारित नियमों के अनुरूप करें, ताकि पूरी निर्वाचन प्रक्रिया पारदर्शी एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजीव राज, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) शत्रुहन पाठक, शांति स्वरूप महेश्वरी, निर्वाचन प्रतिनिधि भारतीय जनता पार्टी भगवती शरण पांचाल, जिला सचिव बहुजन समाज पार्टी, विनोद कुमार नगरिया, जिला सचिव सीपीआई (एम), ज्योति त्रिपाठी, शहर अध्यक्ष कांग्रेस, जमालुद्दीन, जिला महासचिव समाजवादी पार्टी, शुकंतला तिवारी, जिला अध्यक्ष कांग्रेस, अनिल कुदारी सहित विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a comment