उरई। विधान परिषद स्नातक निर्वाचन-2026 को लेकर जिला प्रशासन ने मीडिया निगरानी की व्यवस्था को सक्रिय कर दिया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी समीर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय मीडिया सर्टिफिकेशन एंड मॉनिटरिंग कमेटी (एमसीएमसी) की बैठक हुई। इसमें निर्वाचन के दौरान विभिन्न माध्यमों पर प्रसारित होने वाली राजनीतिक एवं चुनाव संबंधी सामग्री की निगरानी, राजनीतिक विज्ञापनों के पूर्व प्रमाणीकरण तथा पेड न्यूज के संभावित मामलों की जांच को लेकर निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान मीडिया से संबंधित गतिविधियों की निगरानी पूरी निष्पक्षता, पारदर्शिता और सतर्कता के साथ की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया के साथ सोशल मीडिया, इंटरनेट तथा अन्य प्रचार माध्यमों पर प्रसारित होने वाली निर्वाचन संबंधी सामग्री पर निर्धारित नियमों के अनुरूप नजर रखी जाए। राजनीतिक विज्ञापनों के प्रसारण या प्रकाशन से पहले उनके पूर्व प्रमाणीकरण की प्रक्रिया का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत एमसीएमसी की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी संदिग्ध पेड न्यूज के मामलों की निगरानी करना भी है। समिति के सदस्य मीडिया में प्रकाशित अथवा प्रसारित ऐसी सामग्री पर विशेष नजर रखें, जो प्रथम दृष्टया समाचार के रूप में प्रस्तुत की गई हो लेकिन उसके पीछे किसी राजनीतिक दल या अभ्यर्थी के प्रचार की संभावना दिखाई देती हो। ऐसे मामलों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार परीक्षण किया जाए।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने समिति के सदस्यों को निर्देशित किया कि सामने आने वाले प्रत्येक प्रकरण का समयबद्ध परीक्षण करने के साथ उसका विधिवत अभिलेखीकरण भी किया जाए। किसी भी माध्यम पर आपत्तिजनक, भ्रामक अथवा निर्वाचन नियमों के विपरीत सामग्री संज्ञान में आने पर निर्धारित प्रक्रिया के तहत तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मीडिया निगरानी का उद्देश्य निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखना है, इसलिए प्रत्येक मामले में तथ्यों और आयोग के निर्धारित प्रावधानों के आधार पर ही कार्रवाई की जाए।

बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि जिला स्तर पर एमसीएमसी को राजनीतिक विज्ञापनों के पूर्व प्रमाणीकरण और मीडिया में पेड न्यूज की निगरानी सहित विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। निर्वाचन प्रक्रिया के दौरान इन प्रावधानों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए समिति द्वारा विभिन्न प्रचार माध्यमों की नियमित निगरानी की जाएगी।

इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राजीव राज, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) शत्रुहन पाठक, उप जिलाधिकारी (न्यायिक) कालपी संजय कुमार, अपर जिला सूचना अधिकारी एवं सदस्य सचिव पंकज कुमार तथा दूरदर्शन के पत्रकार एवं समिति सदस्य संजय कुमार गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a comment