जालौन, 17 नवंबर 2026। विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 की तैयारियों के क्रम में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जनपद के तीनों विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की आलेख्य निर्वाचक नामावलियों का आज प्रकाशन कर दिया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी समीर की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय एवं राज्यीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रतिनिधियों को प्रकाशित मतदाता सूची की प्रतियां उपलब्ध कराते हुए दावे एवं आपत्तियों की प्रक्रिया तथा निर्धारित समय-सारिणी की जानकारी दी गई।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर प्रकाशित आलेख्य मतदाता सूची में जनपद के कुल 11,44,064 मतदाता शामिल हैं। इनमें 6,29,654 पुरुष, 5,14,358 महिला एवं 52 अन्य मतदाता हैं।
विधानसभा क्षेत्र 219-माधौगढ़ में 3,99,593, 220-कालपी में 3,63,576 तथा 221-उरई (अ०जा०) में 3,80,895 मतदाता पंजीकृत हैं। जनपद के कुल 1,577 मतदेय स्थलों पर मतदाता सूची का प्रकाशन किया गया है। यह सूची जिला निर्वाचन कार्यालय, तहसील कार्यालयों, मतदाता पंजीकरण केंद्रों एवं संबंधित बूथ लेवल अधिकारियों के पास निरीक्षण के लिए उपलब्ध है। इसके अलावा मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट https://ceouttarpradesh.nic.in/ तथा जनपद की वेबसाइट https://jalaun.nic.in/district-election-office/ पर भी देखी जा सकती है।
16 दिसंबर तक दावे-आपत्तियां, 4 जनवरी को अंतिम सूची
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में नाम जोड़ने, विलोपन एवं संशोधन के लिए 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इनका निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 04 जनवरी 2027 को होगा।
इस अवधि में 21, 22, 28 एवं 29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे। इन दिनों सभी बूथ लेवल अधिकारी मतदेय स्थलों पर उपस्थित रहकर मतदाता सूची पढ़कर सुनाएंगे। प्रत्येक मतदान केंद्र पर हेल्प डेस्क स्थापित होगी तथा आवेदन के लिए फार्म-6, फार्म-7 एवं फार्म-8 उपलब्ध रहेंगे।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांच लें। नाम शामिल कराने के लिए फार्म-6, नाम विलोपन के लिए फार्म-7 तथा विवरण संशोधन के लिए फार्म-8 संबंधित बीएलओ के पास जमा कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन की सुविधा https://voters.eci.gov.in/ पर भी उपलब्ध है।
राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंट स्वघोषणा के साथ प्रतिदिन अधिकतम 10 तथा पूरी दावा-आपत्ति अवधि में अधिकतम 30 फार्म बीएलओ को जमा कर सकते हैं।
मतदाता संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए जनपद स्तर पर डिस्ट्रिक्ट कॉन्टैक्ट सेंटर स्थापित किया गया है, जिसका टोल फ्री नंबर 1950 एवं बेसिक नंबर 05162-250288 है। इसके अतिरिक्त जिला निर्वाचन कार्यालय एवं तहसील कार्यालयों में हेल्प डेस्क की व्यवस्था की गई है। मतदाता Voter Helpline App अथवा आयोग के पोर्टल पर ‘Book a Call With BLO’ विकल्प के माध्यम से भी अपने बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम शामिल होना लोकतंत्र को मजबूत बनाने के लिए आवश्यक है। सभी नागरिक निर्धारित अवधि में अपनी प्रविष्टियों की जांच कर लें और आवश्यक होने पर दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत करें, ताकि आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 के लिए शुद्ध एवं त्रुटिरहित निर्वाचक नामावली तैयार की जा सके।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजीव राज, डा० बृजेश जाटव जिलाध्यक्ष बहुजन समाज पार्टी, शान्ति स्वरूप महेश्वरी निर्वाचन प्रमुख भारतीय जनता पार्टी, विनय चौरसिया जिलाध्यक्ष आम आदमी पार्टी, अनिल कुदारी जिलाध्यक्ष अपना दल (सोनेलाल), भगवती शरण पांचाल जिला सचिव बहुजन समाज पार्टी, जमालुद्दीन जिला महासचिव समाजवादी पार्टी, विनोद कुमार नगरिया जिला सचिव सी०पी०आई०एम०, सुशील कुमार जिला सचिव आम आदमी पार्टी, उदयवीर सिंह जिला महासचिव बहुजन समाज पार्टी, सीताराम वर्मा वरिष्ठ उपाध्यक्ष कांग्रेस आदि प्रतिनिधि उपस्थित रहे।





Leave a Reply