जेवरात, 22,700 रुपये नकद, दो तमंचे और चोरी में इस्तेमाल औजार बरामद; कार सीज
जालौन, 17 नवंबर। रामपुरा थाना पुलिस ने दो घरों में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से चोरी के जेवरात, 22,700 रुपये नकद, दो अवैध तमंचे, चार जिंदा कारतूस और ताले तोड़ने के औजार बरामद किए गए हैं। कार्रवाई के दौरान एक काली मारुति सुजुकी सियाज कार भी सीज की गई है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक सुरेश चंद्र रावत के पर्यवेक्षण और अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी के नेतृत्व में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रामपुरा थानाध्यक्ष के पी सरोज की टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार, बीती 8 अक्टूबर को कृष्ण यादव ने अपने और गांव के ही रामवीर पाल के घर से जेवरात तथा पांच से दस हजार रुपये चोरी होने की तहरीर दी थी। इस पर रामपुरा थाने में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
उरई, कुठौंद और माधौगढ़ क्षेत्र के हैं आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में उरई कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला कृष्णा नगर निवासी आशीष सोनी (37), मोहल्ला रामकुंड निवासी फिरोज (40), कुठौंद थाना क्षेत्र के ग्राम सैदपुर निवासी आशू उर्फ प्रिन्स (27) और माधौगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम सुरपतिपुरा निवासी वीर सिंह उर्फ लला (22) शामिल हैं। पुलिस की ओर से जारी विवरण में चारों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी विभिन्न मुकदमे दर्ज होने की जानकारी दी गई है।
रात में बंद मकानों को बनाते थे निशाना
पुलिस का दावा है कि आरोपी संगठित होकर रात के समय सुनसान स्थानों पर स्थित बंद मकानों और प्रतिष्ठानों को निशाना बनाते थे। लोहे के कटर, प्लास, पेचकश, सब्बल और रॉड की मदद से ताले तोड़कर अंदर घुसते और जेवरात व नकदी चोरी कर लेते थे। आने-जाने तथा चोरी का सामान ले जाने के लिए वाहन का इस्तेमाल किया जाता था।
जेवरात के साथ हथियार और उपकरण मिले
पुलिस के मुताबिक बरामद जेवरात में पीली धातु का एक मंगलसूत्र, एक ओम और नाक की एक कील तथा सफेद धातु की दो जोड़ी पायल, एक करधनी और 14 जोड़ी बिछिया शामिल हैं। इसके अलावा 315 बोर के दो तमंचे, चार जिंदा कारतूस, 22,700 रुपये नकद, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन, एक लोहे का कटर, एक प्लास, दो पेचकश, एक सब्बल और ताला तोड़ने वाली एक लोहे की रॉड बरामद की गई है। काली सियाज कार संख्या यूपी92एए8555 को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज किया गया है।
चोरी का माल बरामद होने पर मूल मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) बढ़ाई गई है। अवैध हथियारों की बरामदगी के संबंध में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत अलग मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की गई है।





Leave a Reply