थाने में शिकायत के बावजूद एफआईआर दर्ज न होने का आरोप, पीड़ित ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार
उरई (जालौन)। ऐट थाना क्षेत्र में चोरी की एक घटना में पीड़ित परिवार ने पुलिस पर एफआईआर दर्ज न करने का आरोप लगाया है। पीड़ित प्रवीण कुमार रायकवार ने पुलिस अधीक्षक जालौन को प्रार्थना पत्र देकर चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराने, चोरों का पता लगाने और चोरी गए नकदी व जेवरात की बरामदगी कराने की मांग की है।
प्रवीण कुमार के अनुसार, 6 नवंबर 2026 की रात करीब 1:30 बजे अज्ञात चोरों ने छोटी माता मंदिर के पास स्थित उनके घर को निशाना बनाया। चोर घर से करीब डेढ़ लाख रुपये नकद, तीनों बच्चों की गुल्लकों में जमा लगभग 20 हजार रुपये तथा सोने-चांदी के कीमती जेवरात चोरी कर ले गए। चोरी की कुल नकदी ही लगभग 1 लाख 70 हजार रुपये बताई गई है। इसके अतिरिक्त जेवरात की कीमत अलग है।
पीड़ित ने अपनी शिकायत में बताया कि उनका परिवार ऐट में पिछले 27 वर्षों से रह रहा है। उनके पिता कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित थे, जिनके बेहतर उपचार के लिए उन्हें मेडिकल कॉलेज उरई में भर्ती कराया गया था। इसी दौरान परिवार को उरई में रहना पड़ रहा था। 19 अक्टूबर 2026 को मेडिकल कॉलेज में उनके पिता का निधन हो गया। इसके बाद 1 नवंबर को मृत्यु भोज सहित अन्य मरणोपरांत संस्कारों के कार्यक्रम संपन्न कराए गए। परिवार की इसी व्यस्तता और घर पर अनुपस्थिति का फायदा उठाकर चोरों ने वारदात को अंजाम दिया।
प्रवीण कुमार का कहना है कि सुबह चोरी की जानकारी होने पर उन्होंने थाना ऐट पहुंचकर पुलिस को सूचना दी और एफआईआर दर्ज कराने का प्रयास किया, लेकिन अब तक उनकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। उनका आरोप है कि पुलिस चोरों को पकड़ने का प्रयास किए जाने की बात तो कह रही है, लेकिन घटना के बाद कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है।
थाना स्तर पर सुनवाई न होने से परेशान पीड़ित ने 17 नवंबर को पुलिस अधीक्षक जालौन को प्रार्थना पत्र देकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने तत्काल एफआईआर दर्ज कराने, निष्पक्ष जांच, चोरी गए नकदी और जेवरात की बरामदगी तथा मामले में लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
अब देखना यह है कि पुलिस अधीक्षक के स्तर से शिकायत पर क्या कार्रवाई होती है और पीड़ित परिवार को चोरी की घटना में न्याय मिल पाता है या नहीं।





Leave a Reply