उरई। तुलसी बिहार काॅलौनी में संपन्न सर्राफा व्यापारी परिवार के शिक्षक नेता के घर में बीती रात अज्ञात चोर झाड़ू लगा गये। घटना के समय शिक्षक अपनी पत्नी के साथ किसी परिजन के निधन पर मातमपुर्सी करने आगरा गये हुए थे। चोरी में कितना नुकसान हुआ इसका आंकलन तो उनके वापस लौटने पर ही होगा।
तुलसी बिहार काॅलौनी में पूर्व डीजीसी सिविल रमाकांत द्विवेदी के मकान के बगल में शिक्षक नेता मनोज महेश्वरी रहते हैं। वे अपनी पत्नी के साथ आगरा चले गये थे। घर सूना होने की वजह से बीती रात बगल में पड़े खाली प्लाट से चोर छत के रास्ते उनके घर में घुस गये। घर में कोई मौजूद न होने की वजह से उन्होंने इत्मीनान से सभी कमरों से कीमती सामान एक-एक करके बटोरा और रफूचक्कर हो गये। सुबह उनके घर में खुले बंुदेलखंड स्टील फैक्ट्री के एकाउंट कार्यालय के कर्मचारी ने वहां पहुंचने पर घर के ताले टूटे देखे तो उसने मनोज महेश्वरी को फोन किया। मनोज की सूचना पर कोबरा पुलिस के सिपाही मौके पर पहुंचे थे। सर्राफा बाजार में मनोज के पिता का अलग मकान है। खबर पाकर वे भी आये उन्होंने पुलिस को अंदर सारे कमरे देखने के बाद 25 लाख रुपये से अधिक चोरी होने का अनुमान बताया है। जबकि अन्य जानकार चोरी 50 लाख रुपये से ऊपर की बता रहे हैं। पुलिस मनोज महेश्वरी के वापस आने का इंतजार कर रही है। उनसे तहरीर मिलने के बाद ही पुलिस ने मुकदमा लिखने की बात कही है।






Leave a comment