उरई। रामनगर स्थित रवीन्द्रनाथ टैगोर पब्लिक स्कूल में आर्ट आफ लिविंग उरई चेप्टर के तत्वावधान में आयोजित प्रेस गोष्ठी में जोनल कोआर्डिनेटर कंचनजी आहूजा व डा.नमिता त्रिपाठी ने श्रीश्री रविशंकर द्वारा स्थापित आर्ट आफ लिविंग के इतिहास व योगदान के बारे में बताया। साथ ही जानकारी दी कि दिल्ली में 11, 12 व 13 मार्च को आर्ट आफ लिविंग द्वारा विश्व सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया जायेगा जिसमें विश्व बंधुत्व की भावना का साकार रूप देखने को मिलेगा।
इस अवसर पर आर्ट आफ लिविंग उरई के प्रशिक्षक अशोक कुमार मिश्र ने बताया कि श्रीश्री रविशंकरजी ने आज से 35 वर्ष पूर्व सुदर्शन क्रिया के माध्यम से मानवता का जो साक्षात्कार कराया उसके जरिये विश्व के 155 देशों के साढ़े दस करोड़ से अधिक लोगों को मानसिक तनाव व हिंसा से मुक्त कराकर उनके जीवन की मुस्कान लौटाई गयी।
बताया गया कि महोत्सव का उद्घाटन 11 मार्च को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे। समापन समारोह की अध्यक्षता 13 मार्च को राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी द्वारा की जायेगी।
प्रेस गोष्ठी में आर्ट आफ लिविंग से जुड़े अंशुल वशिष्ठ, रमेश उदैनिया, राकेश दीक्षित, ओमप्रकाश त्रिपाठी, समीर श्रीवास्तव, डा.सुशील उपस्थित थे। जालौन जिले के लोगों से उक्त तीन दिवसीय विश्व सांस्कृतिक महोत्सव का हिस्सा बनने की भी अपील की गई।

Leave a Reply