उरई। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के तत्वावधान में जेल रोड स्थित वीरांगना किशोरी देवी क्षत्रिय स्मारक भवन में जिले के सभी सजातीय नवनिर्वाचित जिला पंचायत सदस्यों और प्रधानों का सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर क्षत्रिय महासभा के जिलाध्यक्ष डा.राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि वे संगठन को वृक्षारोपण और पर्यावरण सुधार जैसे कार्यक्रमों से भी जोड़ेंगे और अन्य जातियों के जो लोग उनके इस तरह के अभियान में सहभागी बनेंगे। उन्हें भी सराहने का काम करेंगे।
कार्यक्रम में महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमर सिंह भदौरिया ने प्रमुख रूप से सम्बोधित किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में पहुंचे विष्णुशरण सिंह पुजारी ने कहा कि तरक्की के लिये समाज में शिक्षा का प्रसार जरूरी है। शिक्षा से बेरोजगारी, अज्ञानता व अंधविश्वास जैसी कुरीतियों का उन्मूलन होता है। प्रदेश अध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह राठौर ने कहा कि समाज के कल्याण के लिये वे हर तरह की सेवायें देने को प्रस्तुत हैं।
कालपी विधायक के प्रतिनिधि सुरेन्द्र सिंह सरसेला ने आह्वान किया कि क्षत्रिय समाज अपने दायित्व के अनुरूप समाज में कमजोर लोगों की रक्षा की भूमिका का निर्वाह करें। उन्होंने कहा कि क्षत्रिय समाज राष्ट्र की सेवा के लिये बनाया गया है। इस दायित्व का निर्वाह करते हुए उसे देश में ऐसा माहौल बनाना चाहिये। जिससे सभी वर्ग खुशहाल और मजबूत हों। बुजुर्ग समाजसेवी अतबल सिंह चौहान ने क्षत्रिय स्मारक भवन की रूपरेखा और जिले में क्षत्रिय महासभा के गठन के इतिहास पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम के अन्त में पूर्व कर्नल यशवंत सिंह ने कहा कि वे जब कारगिल में मोर्चा संभाल रहे थे तब उन्हें अपने उन पूर्वजों की याद आ रही थी जिन्होंने देश की रक्षा में अभूतपूर्व बलिदान और योगदान दिया। संचालन डा.शैलेन्द्र सिंह चौहान ने किया। इस अवसर पर संदीप सेंगर, अरविन्द सेंगर, राघवेन्द्र भाईजी, संजय भदौरिया, मोंटी भदौरिया, गुड्डू पिथऊपुर, जैनेन्द्र भदौरिया, समरजीत सिंह, विपिन सिंह राजावत, राकेश गुरुजी, डा.जयवीर सिंह सेंगर आदि उपस्थित रहे।







Leave a Reply