0 सम्मान समारोह में हाजियों को किया गया सम्मानित
0 एआईएमआईएम को मुस्लिमों की सियासी पार्टी बता आगे बढाने की बात कही
24orai06कोंच-उरई। आंध्रप्रदेश के हैदराबाद से सांसद असदुद्दीन ओवैसी की अगुवाई बाली पार्टी आल इंडिया मुस्लिम इत्तेहादुल मुसलमीन एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष हाजी शौकत अली ने यहां एक कार्यक्रम के दौरान मुसलमानों को एकजुट होकर अपनी जमाती पार्टी को वोट करने की हिदायत दी। उन्होंने बेलाग कहा कि सपा और बसपा भाजपा का खौफ दिखा कर मुसलमानों को बेबकूफ बनाती रहीं हैं और उनका वोट लूटती रही हैं। इस स्थिति से अगर मुसलमान बाहर नहीं निकला तो उसकी हालत और भी खराब हो जायेगी। उन्होंने यह भी कहा कि हम मुलायम से अट्ठारह प्रतिशत आरक्षण मुसलमानों के लिये मांगेंगे और अपने हक के लिये अहिंसक तरीके से आंदोलन खड़ा करेंगे। उन्होंने माधौगढ-कोंच विधानसभा सीट से अपना प्रत्याशी भी उदयभान सिंह गेंदोली को घोषित कर दिया और मुसलमानों से उनकी मदद करने के लिये कहा।
कस्बे के मुस्लिम बहुल इलाके भगत सिंह नगर खेरा चैराहा पर आज शाम नगर के हाजियों को सम्मानित करने के बहाने इंडिया मुस्लिम इत्तेहादुल मुसलमीन एआईएमआईएम की स्थानीय इकाई ने सियासत कर डाली। सम्मान समारोह में बतौर मुख्य अतिथि आये पार्टी के प्रदेशीय अध्यक्ष हाजी शौकत अली ने अपने लंबे भाषण के दौरान भाजपा, बसपा, सपा और कांग्रेस जैसी पार्टियों को निशाने पर लेते हुये इन पर देश और समाज को बांटने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि एक हजार साल तक हुकूमत करने बाली इस कौम का आजादी के बाद सभी राजनैतिक दलों ने केवल वोट के रूप में इस्तेमाल किया है जिसके चलते आज इस कौम को बदहाल जिंदगी जीने के लिये मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने सपा पर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी होने का लेबिल चस्पा करते हुये कहा कि खुद को सेकुलर बताने बाले यह बतायें कि क्या आज सपा लोहिया के आदर्शों पर चल रही है। उन्होंने कहा कि छोटे से लेकर बड़े पदों तक मुलायम के ही परिवार के लोगों का कब्जा है, इस स्थिति में खुद को समाजवादी कहने बाले मुलायम खुद कठघरे में हैं। मुसलमानों को ऐसे लोगों से किनारा करके अपनी जमात वाली पार्टी के नुमाइंदों को दिल्ली और लखनऊ चुन कर भेजने के लिये एकजुट होने की जरूरत है। इससे पूर्व हाजी डॉ. हसीब अहमद, हाजी अफजाल अहमद, हाजी अब्दुल रशीद अंसारी, हाजी आजाद कुरैशी, हाजी यासीन कुरैशी, हाजी मुख्तार अहमद, हाजी फहीम, हाजी मुबीन, हाजी हकीम अंसारी, हाजी मुईन अख्तर, हाजी आबिद, हाजी जियाउद्दीन, हाजी सलीम अब्बासी, हाजी सलमा समेत आधा सैकड़ा हाजियों को मंच के माध्यम से सम्मानित किया गया। इस दौरान पार्टी के बुंदेलखंड प्रभारी मतलूब चंदेल, जिलाध्यक्ष आरिफ खान, जिला प्रभारी तारिक अनवर रहमानी, नगर अध्यक्ष ओवैश अहमद आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply