0 15 फरवरी के निरीक्षण में भी मिली थीं ऐसी ही खामियां
कोंच-उरई। तहसील क्षेत्र के ग्राम पिंडारी स्थित बीटीसी प्रशिक्षण केंद्र (डायट) ने मानो न सुधरने की कसम खा रखी हो, दस दिन पहले हुये एसडीएम के निरीक्षण के दौरान मिली खामियों को दुरूस्त करने के बजाये डायट के कर्ताधर्ताओं ने खामियां और बढा कर अधिकारियों की भृकुटि को और भी टेढा कर दिया है। कल शाम एसडीएम संजय कुमार सिंह ने वहां का फिर औचक निरीक्षण किया तो तमाम चैंकाने वाले तथ्य एक बार फिर सामने आ गये। प्राचार्य और शिक्षक ही नहीं बल्कि छात्रों के पूरे के पूरे बैच ही वहां से नदारद दिखाई दिये। शासकीय धन का अपव्यय तथा शासन की मंशा दिशा निर्देशों की ध्ियजयां वहां तार तार होती दिखीं। एसडीएम ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर कार्यवाही किये जाने को कहा है।
एसडीएम संजय कुमार सिंह जब सोमवार को डायट पहुंचे तो वहां केंद्र प्रभारी प्राचार्य रतन सिंह सहित सहायक अध्यापक वीरेंद्र सिंह, नवल किशोर, लिपिक नरेंद्र कुमार गैरहाजिर मिले। जब उन्होंने कक्षाओं को देखा तो पाया कि एक भी कक्षा नहीं चल रही थी, थोड़े बहुत जो प्रशिक्षणार्थी थे भी वह भी परिसर में घूमते दिखाई दिखे। हाजिरी लेने पर पता चला कि वर्ष 2013 बीटीसी बैच में 80 पुरुष प्रशिक्षणार्थियों में मात्र 7 ही उपस्थित थे, जबकि शेष 73 अनुपस्थित रहे। इसी बैच की 100 महिला प्रशिक्षणार्थियों का पूरा बैच ही अनुपस्थित पाया गया। वहीं वर्ष 2014 बीटीसी में पंजीकृत 100 महिलाओं में 74 उपस्थित थीं तो 26 अनुपस्थित रहीं। इसी बैच के 97 पंजीकृत पुरुषों में 49 मौजूद थे तो 48 प्रशिक्षणार्थी अनुपस्थित मिले। शिक्षा के इस मंदिर में शिक्षा की इस दुर्दशा को देख एसडीएम भी अचंभित रह गये। जो छात्र या कर्मचारी उपस्थित भी थे वह परिसर में घूमते फिर रहे थे। अव्यवस्था देख एसडीएम खासे नाराज हुए और उन्होंने कार्यवाही के लिए जिलाधिकारी रामगणेश को पत्र लिखा है। गौर तलब है कि गुजरी 15 फरवरी को भी एसडीएम ने डायट का औचक निरीक्षण किया था और कमोवेश ऐसे ही हालात तब भी उन्हें वहां मिले थे।






Leave a Reply