0 जालौन जिले के सैदनगर परीक्षा केंद्र का मामला
0 केंद्र व्यवस्थापक और तीन निरीक्षक हटाये गये
0 आरोपियों के खिलाफ दर्ज होगी एफआईआर
उरई। सोशल मीडिया को नकल के नये हथियार के बतौर ईजाद कर लिया गया है। राजकीय इंटर काॅलेज सैदनगर में शुक्रवार को हाईस्कूल का विज्ञान विषय का पेपर सुबह साढ़े सात बजे जैसे ही वितरित हुआ। उसे व्हाट्सएप के जरिए वायरल कर दिया गया। कुछ ही देर बाद इसकी प्रिंट काॅपी निकलवाकर साॅल्वर उत्तर तैयार करने में जुट गये। हालांकि इसकी पोल भी सोशल मीडिया के ही जरिए खुली जब व्हाट्सएप पर पड़े पेपर के पेज और उनके उत्तर लिख रहे साॅल्वरों की तस्वीर उन ग्रुपों में चलने लगीं जिनमें अधिकारी जुड़े हुए थे। जिला विद्यालय निरीक्षक ने पहले इसकी लीपापोती की कोशिश की लेकिन डीएम रामगणेश ने इसे संज्ञान में लेकर जांच के आदेश कर दिये। बाद में जिला विद्यालय निरीक्षक राजेंद्र बाबू ने बताया कि इस मामले में सैदनगर के केंद्र व्यवस्थापक विमल कुमार राठौर और तीन निरीक्षकों को हटा दिया गया है। इसी इंटर काॅलेज के प्रवक्ता महमूद अहमद नये केंद्र व्यवस्थापक नियुक्त किये गये हैं। उन्होंने कहा कि पेपर लीक होने की बात गलत है। कार्रवाई समय से पहले पेपर के बाहर पहुंचने के आधार पर हुई है। उक्त पेपर दोबारा कराने की संस्तुति बोर्ड को भेजने का कोई औचित्य नही है।
केंद्र व्यवस्थापक और आरोपी कक्ष निरीक्षकों ने ही मोबाइल से पेपर का फोटो खींचकर वायरल किया था। उनके मोबाइल जब्त कर लिये गये हैं। हटाने की कार्रवाई के साथ-साथ आरोपी शिक्षकों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई जा रही है।





Leave a Reply