उरई। अंध विश्वास के चक्कर में एक महिला आज प्रशासन की नाक के नीचे कलेक्ट्रेट के पास न केवल ठगी का शिकार हो गई बल्कि उसकी जान पर भी बन आई है। खबर पाकर पहुंची पुलिस ने महिला को बदहवास हालत में जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया है।
माधौगढ़ थाने के अंडाई निवासी हरगोविंद दास की पत्नी सुनीता आज रिश्तेदारी में एक विवाह समारोह में भाग लेने खल्ला जा रही थी। कलेक्ट्रेट रोड पर एनसीसी दफ्तर के सामने बने मंदिर के पास उसे एक बाबा मिल गया। उसने महिला की भक्ति भावना को कुरेंदा और जैसे ही वह उसके प्रभाव में आई उसने उसे कुछ खिला दिया। इसके बाद उसने महिला से ऊपर चढ़कर देवी के दर्शन के लिए कहा। बाबा ने महिला को झांसा दिया कि देवी जी तुम पर कृपालु हैं तुम मंदिर के भीतर पहुंचोगी तो वे तुमको अपने हाथ से एक फूल देंगी जिसे तुम अपने साथ रखोगी तो तुम्हारी सभी मनोकामनाएं पूरी होगी। महिला झांसे में आ गई।
उसके मंदिर में जाते ही बाबा चंपत हो गया। वह महिला के पास से मंगलसूत्र, कान के बाले, पैरों की तोड़िया और बिछिया व ढाई सौ रुपये नगद ले गया। महिला की हालत भी उसका प्रसाद खाने से गंभीर हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया है। बाबा की तलाश की जा रही है।






Leave a Reply