0 पदम शाह बाबा की दरगाह पर कव्वालियों का दूसरा दिन
उरई। मौसम के बलदते मिजाज के साथ हल्की सर्द सिहरन पैदा करने वाली चांदनी रात में सुरों की झनकार से पदमशाह बाबा के 36वें उर्स पाक की महफिल को सजाने वाले देश के मशहूर कव्वालों ने पूरी रात समां बांधे रखा। अपर जिलाधिकारी आनंद कुमार और राजनीतिक क्षेत्र की दिग्गज हस्तियों ने भी आम अकीदतमंदों के साथ रात भर कव्वाली का लुत्फ उठाया।
कव्वालियों का आगाज तिलावते रब्बानी से हाफिज यूसुफ कादरी ने किया। इसके बाद कव्वाल राहत चिश्ती अहमदाबाद ने पढ़ा कि रिमझिम-रिमझिम रहमत बरसे ख्वाजा के अंगना तो बैंगलोर के कव्वाल कामिल चिश्ती ने अपने फन का जादू बिखेरते हुए मचलते अंदाज में पढ़ा कि भीख देते पदम शाह भीख देते, तेरे नाम का सिक्का तो हर दिल में चलता है।
इसके पहले फीता काटकर अपर जिलाधिकारी आनंद कुमार व अपर पुलिस अधीक्षक शकील अहमद ने कव्वालियों का विधिवत् उदघाटन किया। मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी, युवजन सभा के प्रदेश सचिव मानसिंह यादव, नगर पालिका कालपी के चेयरमैन कमर अहमद, सपा जिला महासचिव प्रलुव्य, हाजी रहम इलाही कुरैशी, अरशद कादरी, इमरान अंसारी, अजय निरंजन व शफीक कन्नौज ने अपनी उपस्थिति से कव्वालों में नया जोश फूंका।
उर्स कमेटी के अध्यक्ष आरिफ कादरी व संयोजक कृपा शंकर द्विवेदी उर्फ बच्चू महाराज ने आये हुए अतिथियों का बैज लगाकर इस्तकबाल किया। एसडीएम संजय कुमार व सिटी मजिस्टेªट पीके सक्सेना का स्वागत संरक्षक मुमताज रहमानी व उर्स कमेटी के पूर्व अध्यक्ष जमाल छोटू ने माल्यार्पण के जरिए किया। दरगाह खादिम अशफाक अंसारी ने कव्वालों के सिर पर साफा बांधकर उनकी इज्जत अफजाई की। सुशील द्विवेदी, रिजवान मास्टर, संजू दुबे, साबिर कुरैशी, भूरे शाह, इबादत अली, एजाज पेंटर, इदरीश चिश्ती, जुबैर आलम, सानू बैटरी, मुन्ना मोटर, इरफान, चुन्नू इण्डिका सहित कमेटी के पदाधिकारियों ने करीने से इंतजाम की बागडोर संभाली।





Leave a comment