cropped-27c0e33e-70ae-40cd-b9cb-6e01381eb0ce11.pngउरई। बुंदेलखंड में गरीब बहन-बेटियों के हाथ पीले कराने के लिए सर्वोपरि पुण्य कार्य के रूप में सशक्त पहल 31 मई को सर्व धर्म सर्व जातीय सामूहिक विवाह सम्मेलन के रूप में की जा रही है।
कार्यक्रम के मुख्य आयोजक बलराम सिंह लम्बरदार ने बताया कि विवाह समारोह झांसी रोड स्थित रघुवीर धाम और चैधरी चरण सिंह इंटर काॅलेज में सम्पन्न कराया जायेगा। विवाह पद्धति वर-वधू के धर्म के अनुरूप होगी। उन्होंने बताया कि समस्त जोड़ों को इसमें उपहारों की व्यवस्था की गई हैं। प्रत्येक विवाह की रजिस्ट्री होगी और उसका सर्टिफिकेट जोड़ों को उपलब्ध कराया जायेगा। पात्र जोड़ों को शासन की शादी अनुदान योजना का लाभ दिलाया जायेगा। दहेज रहित शादियों के लिए आयोजन समिति की ओर से विशेष पुरस्कार की व्यवस्था की गई है। शादी के आयोजन में नशा व शस्त्र पर पूर्ण पाबंदी की शर्त से सभी संबंधितों को पहले से अवगत करा दिया जायेगा।
उक्त पहल चर्चा का विषय बनी हुई है। कुरीतियों का रूप ले चुके धार्मिक और सामाजिक आडंबरों में जिले का सफेदपोश वर्ग लाखों रुपये की फिजूलखर्ची से बाज नही आता तो दूसरी ओर अभाव ग्रस्त आम जन मानस जरूरी दायित्व तक निभाने के लिए हाथ पसारने को मजबूर रहता है। माना यह जा रहा है कि सामूहिक विवाह के बिना कोई योगदान लिये प्रस्तावित आयोजन जैसे कार्यक्रमों की ओर सफेदपोश वर्ग को मोड़ा जा सके तो अभाव ग्रस्त जन मानस की महत्वपूर्ण मदद होगी और लोगों को पुण्य कार्य की सही परिभाषा ज्ञात हो सकेगी। इस कारण बलराम सिंह लम्बरदार की सामयिक पहल के प्रति लोगों ने अभी से अभूतपूर्व समर्थन जताना शुरू कर दिया है।

Leave a Reply