उरई। अवैध खनन को लेकर हमीरपुर सीमा से सटे भेंड़ी मौरंग घाट पर जबरदस्त फायरिंग हुई। फायरिंग में खेत पर बनी मड़ैया में लेटे एक बालक को गोली लग गई जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जाता है कि खनन माफियाओं के ही दो गुटों में गोलियां चलीं, हालांकि घटना को लेकर अभी तक किसी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। थानाध्यक्ष रुद्रकुमार सिंह घटना की जानकारी से ही इनकार कर रहे हैं।
बताया जाता है कि गुरुवार रात बड़गांव व भेड़ी घाट के बीच में अवैध खनन को लेकर गुरुवार रात पक्षों के बीच फाय¨रग हो गई। जिसकी गूंज इलाके में काफी दूर तक सुनाई दी। अंधाधुंध फायरिंग में एक बालक घायल हो गया। घायल बालक का नाम धर्मेंद्र (11) बताया गया है। वह कदौरा थाना क्षेत्र के ही ग्राम बड़ागांव के निवासी है। बेतवा नदी के पास उसके पिता खेत में सब्जी की फसल किए हैं। जिसकी रखवाली के लिए खेत में मड़ैया बनी है। रात में हो रही फायरिंग में धर्मेंद्र को गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। बाद में परिवार वाले उसे अस्पताल लेकर गये। हालांकि उसकी हालत खतरे से बाहर है। घाट पर हुई फायरिंग से बड़गांव व भेड़ी के लोग दहशत में हैं। कदौरा थानाध्यक्ष रुद्र कुमार सिंह का कहना है कि बालक के घायल होने की सूचना उन्हें इलाके के लोगों द्वारा मिली है, परंतु इस संबंध में थाने में किसी ने प्रार्थना पत्र नहीं दिया है। फायरिंग की घटना जनपद हमीरपुर के सीमा क्षेत्र की बताई गई है।







Leave a Reply