0 मृतक के जेब में मिला बारह पृष्ठीय सुसाइड नोट
0 पत्नी सहित ससुरालीजनों पर प्रताडना का आरोप, चार के खिलाफ एफआईआर
कोंच-उरई। कोंच निवासी एक इकत्तीस वर्षीय युवक का शव आज समीपस्थ ग्राम अंडा के खेतों के बीच पेड़ पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। उक्त युवक की ससुराल ग्राम अंडा में थी। आत्महत्या का कारण घरेलू विवाद बताया गया है। मृतक की जेब से बारह पेज का सुसाइड नोट मिला है जिसमें उसने अपनी सारी व्यथा काफी तफसील से बयां करते हुये आत्महत्या का कारण पत्नी, सास, ससुर और साली द्वारा उसे लगातार प्रताड़ित करते रहना बताया है। मृतक के भाई की तहरीर पर चारों लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिये प्रेरित करने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
कस्बा कोंच के मोहल्ला सुभाषनगर के रहने वाले युवक दीपक सोनी (31) पुत्र स्व. महेन्द्रसिंह सोनी पिछले दो दिनों से लापता था, आज सुबह उसका शव समीपस्थ ग्राम अंडा के खेतों के मध्य एक पेड़ पर लटकता देख गांव में सनसनी फैल गई। सूचना पर कोतवाल मनवीर सिंह, एसआई रवीन्द्र त्रिपाठी मय फोर्स के मौके पर पहुंचे और सारी स्थिति से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जिस पर पुलिस कप्तान बबलू कुमार ने तत्काल फील्ड यूनिट को मौके पर भेजा जिसने वहां बारीकी से साक्ष्य इकट्ठा किये। पंचायतनामा भर कर पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के लिये भेज दिया है। इसी बीच मौके पर पहुंचे मृतक के शुभचिंतकों द्वारा समूचे गांव के लिये अपशब्दों का इस्तेमाल तब किया तो मामला भड़क गया और वहां बबाल होते होते बचा। कई थानों की फोर्स भी वहां बुला ली गई थी।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक दीपक की शादी पांच साल पहले अंडा गांव के रहने बाले शत्रुघ्न की बेटी गौरी से हुई थी और दोनों की दो साल की एक बेटी संतान भी है। पिछले कुछ सालों से पति पत्नी के बीच पटरी नहीं बैठ रही थी जिससे परिवार तनाव में था। गुजरे कल भी गौरी अपने पति की शिकायत लेकर कोतवाली गई थी जिस पर पुलिस ने दीपक की खोज कराई, लेकिन उसके नहीं मिलने पर पुलिस उसके भाई को थाने लिवा लाई थी। बताते हैं भाई की हिरासत की खबर सुन कर दीपक रात में ससुराल अंडा पहुंचा और फिर इसके बाद उसकी लाश पेड़ पर आज सुबह टंगी मिली। दीपक की जेब से मिले बारह पृष्ठीय सुसाइड नोट में पत्नी गौरी, ससुर शत्रुघ्न, सास रामादेवी निवासी ग्राम अंडा और साली दीक्षा पत्नी लव सोनी निवासी गांधीनगर कोंच द्वारा उसे लगातार प्रताड़ित किये जाने की बात कही गई है। मृतक के भाई अभयकुमार की तहरीर पर पुलिस ने भादंवि की धारा 306 में मामला पंजीकृत कर लिया है।





Leave a Reply