जालौन-उरई। कांग्रेस के नगर अध्यक्ष गौरीश द्विवेदी और नीलू यादव की अगुवाई में क्षेत्र के कई गांवों के किसानों ने आज कर्ज माफी के लिए तहसील प्रांगण में भीषण गर्मी के बावजूद दो घंटे तक धरना देकर केंद्र सरकार को जमकर कोसा। बाद में एसडीएम के माध्यम से एक ज्ञापन राष्ट्रपति के लिए भेजा गया।
आंदोलन और जुझारू संघर्ष की परंपरा को क्षेत्र में पुनर्जीवित कर सुर्खियों में छा चुके उदीयमान युवा नेता गौरीश द्विवेदी ने आज फिर नगर में एक बार जोरदार हलचल का आगाज किया जब उनकी कयादत में हरदोई राजा, गोकुलपुरा, सिकरी राजा, गुढ़ा, सारंगपुर आदि गांव के किसानों ने आग बरसाते मौसम की परवाह न करते हुए सैकड़ों की संख्या में तहसील प्रांगण में नारेबाजी करते हुए धरना जमा दिया। इस दौरान आयोजित सभा को संबोधित करते हुए गौरीश ने कहा कि किसान साल भर इस आस में खेतों में पसीना बहाता रहता है कि इससे गृहस्थी चलाने के लायक प्रतिफल हासिल कर सकेगा लेकिन मौसम की मार की वजह से पिछले कुछ वर्षों से किसानों को लगातार बर्बादी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में जरूरत इस बात की है कि सरकार कर्मवीर किसानों को सहारा देने के लिए आगें बढ़े लेकिन उद्योगपतियों पर पूरा खजाना लुटाने के लिए तैयार रहने वाली यह सरकार किसानों की कर्ज माफी के लिए तैयार नही हो रही है। रोजाना आत्महत्या कर रहे किसान परिवारों की आहें भी उसकी संवेदना को नही छू पा रहीं। यह किसानों के साथ अन्याय की पराकाष्ठा है जिसका उनको मुंहतोड़ जबाव दिया जायेगा। कांग्रेस पार्टी किसानों के अस्तित्व के लिए केंद्र सरकार से आरपार की लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने ओला वृष्टि से पीड़ित किसानों को राहत राशि वितरण में हो रही धांधली पर भी कठोर प्रतिक्रिया व्यक्त की और कहा कि उच्चाधिकारी नीयतखोर लेखपालों को दुरुस्त करने के लिए अपनी प्रशासनिक क्षमता का परिचय दें वरना कांग्रेस कार्यकर्ता भ्रष्ट सरकारी तंत्र को दुरुस्त करने में पूरी तरह सक्षम है।
बाद में नवागंतुक उपजिलाधिकारी मोइनुल इस्लाम ने धरना स्थल पर आकर किसानों की पीड़ा को सुना और उन्हें आश्वासन दिया कि अपने स्तर के सभी मामलों में वे किसानों के साथ पूरा न्याय करायेंगे। इस मौके पर नीलू यादव, काॅ. हनुमंत सिंह, इंदल सिंह, रामसिंह, श्याम सिंह, जगदीश, सत्तार खान, राजेंद्र, कृपाल, जब्बार खान, मैकूलाल, ठाकुर दास प्रजापति, सुनील त्रिवेदी, संतोष वर्मा, संतोष प्रजापति, शिवनाथ, छेदालाल, कैलाश नारायण, रामदास, राम सेवक, ओम प्रकाश, कुंज बिहारी, अनुज बाथम, देव सिंह, कपूर सिंह सहित सैकड़ों की संख्या में किसान उपस्थित रहे।





Leave a Reply