उरई। सूखे से तबाह बुंदेलखंड में लोगों की रोजी रोटी के लिए औद्योगिकीकरण की योजनाएं कैसे परवान चढ़ें जबकि सरकार के महकमें ही उद्यमियों को ब्लैकमेल करने से बाज न आ रहे हों।
मंगलवार को कलैक्ट्रेट में उद्योग बंधु की बैठक के दौरान तमाम भ्रम टूट गये। सरकार भले ही तश्तरी में रियायतों के ढेर सजाकर उद्यमियों के हाथ कारखाने लगाने के लिए जोड़ रहीं हैं लेकिन उसके मातहत अधिकारियों को इससे कोई लेना-देना नही है। उद्योग लगें या भाड़ में जायें उन्हें सुविधा शुल्क चाहिए। उद्यमियों ने रोना रोया कि एक ओर उनसे बिजली कनेक्शन देने के लिए आठ लाख रुपये भारी भरकम स्टीमेट बनाकर वसूल कर लिये गये। दूसरी ओर खंभे के लिए उन्हें अलग से खर्चा करने की हिदायत दी जा रही है। फिर स्टीमेट किसका तैयार किया गया है। अध्यक्षता कर रहीं जिलाधिकारी संदीप कौर शोषण की इस करतूत पर भड़क गईं। एसडीओ बाबूलाल जबाव देने के लिए खड़े हुए तो उन्होंने पूंछा कि आपके एक्सीएन कहां है। बाबूलाल ने कहा कि साहब कोई जबाव तैयार करा रहे हैं। डीएम ने कहा कि उद्योग बंधु की बैठक से ज्यादा जरूरी जबाव एक्सीएन के लिए कौन सा है। आप तुरंत बैठक से बाहर निकले और एक्सीएन को यहां भिजवायें वरना आज ही कार्रवाई कर दी जायेगी। बेआबरू होकर निकले बाबूलाल ने मोबाइल पर एक्सीएन को डीएम के तेवरों के बारे में बताया जिसके बाद 15 मिनिट के अंदर ही हांफते हुए एक्सीएन रमेश चंद्रा दाखिल हुए। सफाई देने की कोशिश में उनकी और यूपीएसआईडीसी के इंजीनियर की ठन गई। यूपीएसआईडीसी के इंजीनियर का कहना था कि वे पांच पोल बिजली विभाग को दे चुके हैं फिर बिजली विभाग उद्यमी से पोल की मांग क्यों कर रहा है।
उधर यूपीएसआईडीसी वाले भी कम कलाकार नही निकले। पिछली बैठक में उनके द्वारा औद्योगिक आस्थान में बनवाई गई सड़कों की गुणवत्ता की जांच के लिए कहा गया था। लेकिन उनके कौन-कौन सी सड़के बनी हैं इस तक की जानकारी देने में दुराव करने की वजह से जांच की प्रक्रिया एक इंच आगें नही बढ़ पा रही। इस रवैये पर डीएम ने यूपीएसआईडीसी के इंजीनियर को भी फटकार लगा दी।
कालपी में हाथ कागज उद्यमियों द्वारा अपद्रव्य की निकासी को लेकर पर्यावरण विभाग और उद्यमियों के बीच पिछले कई महीनों से चली आ रही तकरार आज भी जारी रही। उद्यमियों का कहना था कि जल संस्थान और जल निगम ने रिपोर्ट दी है कि उनके अपद्रव्य से नाले में कोई खास प्रदूषण नही हो रहा। जबकि पर्यावरण विभाग कागज फैक्ट्रियों के अपद्रव्य के नाले से होकर यमुना जाने पर भीषण प्रदूषण हो रहा है जिसे नजरंदाज नही किया जा सकता। बैठक में पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार ने अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर छिड़ी चर्चा के दौरान तल्ख लहजे में कहा कि आप लोग चाहते तो पूरी सख्ती से अतिक्रमण हटाओं अभियान चलेगा फिर चाहे कोई हो बख्शा नही जायेगा। आप लोग यहां इतनी साफगोई दिखा रहे हैं लेकिन मौके पर अगर आप किसी अतिक्रमणकारी के शरीफ होने का वास्ता देकर रियायत की अपेक्षा से आये तो आपको जलालत उठाने के लिए तैयार रहना होगा।
बैठक में उद्योग बंधु के सभी आदिमयुगीन चेहरे जनाब सत्यपाल शर्मा, डाॅ. दिलीप गुप्ता, केके गहोई, अयूब अंसारी और युवा उद्यमी इं. गोविंद सिंह यादव आदि के साथ-साथ अपर जिलाधिकारी आनंद कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक शकील अहमद आदि मौजूद रहे।






Leave a Reply