उरई। गल्ला मंडी में सर्वसमाज कन्या विवाह समारोह के बहाने समाजवादी पार्टी के युवा नेता और पूर्व जिला पंचायत सदस्य सुरेंद्र मौखरी ने पार्टी में ऊपर तक कायम अपनी धाक का जलवा दिखाया। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण सपा मुखिया मुलायम सिंह के पौत्र और मैनपुरी के सांसद तेजप्रताप सिंह यादव तेजू भइया रहे। इस दौरान पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी और सदर विधायक दयाशंकर वर्मा के बीच इशारों-इशारों में हुई फिकरेबाजी भी चर्चा का विषय रही।
सुरेंद्र मौखरी पिछले चार वर्षों से पूरे तामझाम के साथ गरीब कन्याओं के सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन करा रहे हैं। इस बार भी उन्होंने सभी जातियों की 51 लड़कियों के हाथ गृहस्थी योग्य सारे सामान के उपहार के साथ पीले कराये। जिसमें जनाती और बारातियों को मिलाकर पांच हजार लोगों को भोजन कराया गया। इतना वृहत आयोजन होने के बावजूद पूरा कार्यक्रम बेहद सुव्यवस्थित रहा। शादी के जश्न में भी कोई कमी नही आने दी गई। बारात में दूल्हों के लिए घोड़ों की व्यवस्था भी थी और शानदार बैंडबाजे का इंतजाम भी किया गया था।
विवाह समारोह के बाद सांसद तेजू के अलावा हमीरपुर के जिला पंचायत अध्यक्ष डाॅ. वंदना, पूर्व विधायक कप्तान सिंह राजपूत, पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी, सदर विधायक दयाशंकर वर्मा, एमएलसी रमा आरपी निरंजन, पूर्व एमएलसी श्याम सुंदर सिंह जादौन आदि विशिष्ट लोगों ने सभी जोड़ों को सफल वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद दिया। इस अवसर पर हुई भाषणबाजी में लोगों ने सबसे ज्यादा मजा पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी और सदर विधायक दयाशंकर वर्मा द्वारा एक-दूसरे पर साधे गये शब्द तीरों से लिया। दयाशंकर ने अपने संबोधन में घनश्याम अनुरागी का नाम नही लिया तो अनुरागी भी सदर विधायक का नाम लेना भूल गये। अनुरागी ने एक जुमला और कहा जिसे लोगों ने बड़ी दिलचस्पी से सुना कि सूखे पेड़ की तरफ कोई नही देखता, फलदार पेड़ पर ही लोग पत्थर मारते हैं।
वर-वधू पक्ष के मेहमानों के मनोरंजन के लिए लोकगीत सम्राट देशराज पटैरिया के प्रोग्राम का भी इंतजाम समारोह स्थल पर किया गया था। युवा यादव महासभा के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह टिंकू मौखरी ने व्यवस्थापन में अहम् भूमिका निभाई। आयोजकों की पराई बेटियों के लिए अपनों से भी ज्यादा दरियादिली और उत्साह दिखाने की भावना को आये हुए लोगों ने मुक्त कंठ से सराहा।

Leave a Reply