उरई। महेबा में छूटे हुए क्षेत्र पंचायत सदस्यों को शपथ के बहाने विधानसभा चुनाव की तैयारियों के लिए सपा का शो आयोजित हुआ जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के प्रत्याशी विष्णुपाल सिंह नन्हू राजा ब्लाॅक सभागार में मंचासीन रहे।
दूसरी पार्टियां जहां अभी तक जिले की किसी भी सीट पर प्रत्याशी तय नहीं कर सकीं वहीं सपा ने कालपी और माधौगढ़ में प्रत्याशियों के नाम फाइनल करके समर्थन जुटाने का अभियान भी छेड़ दिया है। कालपी क्षेत्र के प्रत्याशी विष्णुपाल सिंह नन्हूराजा ने अपने जनसंपर्क अभियान को युद्ध स्तरीय रूप देते हुए मंगलवार को कुठौंद और महेबा में क्षेत्र पंचायत की बैठकों में भाग लेकर ग्रामीण जनप्रतिनिधियों पर सपा सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का बखान करते हुए डोरे डाले।
महेबा में उन्होंने ब्लाॅक सभागार में बताया कि राज्य सरकार ने सूखे को देखते हुए जिले में लोगों को राहत के लिए किस तरह सरकारी खजाने का मुंह खोल दिया। उन्होंने खासतौर से समाजवादी पेंशन योजना, समाजवादी खाद्यान्न पैकेट वितरण, अंत्योदय एवं पात्र गृहस्थियों को निःशुल्क खाद्यान्न वितरण और किसान दुर्घटना बीमा योजना का क्लेम सीधा पांच गुना बढ़ाकर पांच लाख रुपये किये जाने जैसे कदमों की जानकारी ग्रामीण जनप्रतिनिधियों को दी और उनसे पार्टी के समर्थन के लिए गुहार लगाई। इस अवसर पर ब्लाॅक प्रमुख नीतू चैधरी ने छूटे हुए सदस्यों को शपथ दिलाई।
कार्यक्रम का संचालन खंड विकास अधिकारी आलोक पांडेय ने किया। जेई संजय श्रीवास्वत, एडीओ पंचायत शिवनाथ पाल, एडीओ समाज कल्याण रमेश चंद्र आदि उपस्थित रहे।






Leave a Reply