0 तानाशाही पूर्ण रवैये पर उतरा है बिजली विभाग
कोंच-उरई। बिजली विभाग अब पूरी तरह से तानाशाही पर उतर आया है, वह जनता के हिस्से की बिजली चाट तो रहा है लेकिन इसका जबाब भी नहीं देना चाहता। चार घंटे कल शाम और दो घंटे आज दोपहर सप्लाई ऑवर्स की बिजली चट कर गया विभाग और पूछने पर जबाब भी नहीं दिया एसडीओ ने, कहा कि कंट्रेल रूम से बात करिये। अब यह बात समझ से परे है कि लोकल कटौती का हिसाब कंट्रेल रूम कैसे देगा और क्यों देगा जब स्थानीय स्तर पर उसने एसडीओ जैसा जिम्मेदार अधिकारी बिठा रखा हो?
विद्युत विभाग के एसडीओ के रवैये से पूरी जनता परेशान है क्योंकि वह स्थानीय स्तर पर आने बाली बिजली संबंधी किसी भी गड़बड़ी का जबाब देने के बजाये ढीठता अपना लेते हैं। उनका यह रवैया न केवल आम जनता के प्रति है बल्कि प्रशासन में बैठे अधिकारी भी इस रवैये के शिकार हैं, जैसा कि अमूमन प्रशासन द्वारा बुलाई जाने बाली बैठकों में दिखाई देता है, लेकिन उनकी अपनी मर्यादायें और सीमायें हैं जिसके चलते एसडीओ झेले जा रहे हैं लेकिन यह स्थिति जनता शायद ही बर्दाश्त कर सके। अंदर ही अंदर जनता उबल भी रही है लेकिन एसडीओ महोदय को सरकारी आदमी होने का जो लाभ मिल रहा है उसने उन्हें निश्चित रूप से उच्छृंखल बना दिया है। डर इस बात का है कि कहीं उनका बर्ताव किसी अनचाहे बबाल का कारण न बन जाये। जनता किसी भी अव्यवस्था का कारण जानना चाहती है और एसडीओ जबाब देने में अपनी तौहीन समझते हैं कस्बे के सेकंड फीडर की बत्ती आज दोपहर दिन में 1 बजे से गुल है जबकि रोस्टिंग का समय शुरू होता है 3 बजे से। यह दो घंटे की अनावश्यक कटौती किस खाते में दर्ज की गई है, इस सवाल पर एसडीओ का जबाब जनता को कारण बताने के बजाये कंट्रोल रूम से बात करने का रहा। सवाल यह है कि एसडीओ किस लिए उपखंड पर बिठाये जाते हैं, इसका जवाब विभाग के बड़े अधिकारी दें तो जनता को अपनी सीमायें आंकने में निश्चित रूप से सहूलियत होगी। आला अधिकारियों को कोंच उपखंड में एसडीओ की तैनाती का औचित्य भी जरूर बताना चाहिये। एक और बड़ा सवाल यह भी है कि जिले के एक्सईएन और एसई महोदय उन सवालों की फेहरिश्त जरूर उपखंड कार्यालय पर चस्पा करायें जिनके जबाब एसडीओ नहीं देंगे क्योंकि ऐसी भीषण सड़ी और उमस भरी जानलेवा गर्मी में जब बिजली विभाग कटौती के एक एक मिनट का हिसाब रखता है तो जनता के हिस्से की कई कई घंटों की अघोषित कटौती का हिसाब भी उसे जनता को देना ही होगा, लेकिन सवाल वह किससे करे? बिजली विभाग के स्थानीय अधिकारियों का संवेदनहीनता से परिपूर्ण रवैया ही जनता के उग्र होकर सड़कों पर आने का कारण बनता है, और झेलना पड़ता है प्रशासन के साथ साथ खुद जनता को भी। उम्मीद है कि बिजली विभाग के आला अधिकारी ऐसे संवेदनशून्य अधिकारियों को आम जनता से बात करने का सलीका जरूर सिखायेंगे ताकि उनका बोलचाल जनता के बिजली कटौती को लेकर उपजने बाले गुस्से की आग में घी का काम न करे और एसडीओ साहब जिस बात की तनख्वाह ले रहे हैं उसका भी निर्वहन होता रहे।






Leave a Reply