0 जनपद की सीमा पर लगा दिए गए बैरियर
0 दो दर्जन से अधिक ट्रक हो गए सीज
उरई। ओवरलोड और अवैध खनन रोकने के लिए प्रशासन ने जो कदम उठाए हैं अगर उन पर नियमानुसार कार्रवाई हो गई तो निश्चित रूप से सड़कों के साथ-साथ आम आदमी भी सुरक्षित रहेगा। जनपद की सीमा पर जिस तरह से बैरियर लगाकर कार्रवाई की जा रही है वह निश्चित रूप से यहां के पुलों को सुरक्षित करने में कारगर हो सकती है।
जिलाधिकारी संदीप कौर ने अपने अधीनस्थ अधिकारियों को निर्देश जारी किए थे कि जितने भी ओवरलोड ट्रक सोर्श प्वाइंट से कोई भी ओवरलोड माल लेकर चलें उस पर कार्रवाई अमल में लाई जाए। बालू और गिट्टी जो कि ओवरलोड लेकर ट्रक संचालक चलते हैं। कई बार लिखित आदेश के बावजूद इन पर कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई। हर बार बैठक में एआरटीओ प्रवर्तन से लेकर अन्य लोगों को ओवरलोड थामने के फंडे बताए जाते थे परंतु रोड पर मामला जस का तस पाया जाता था। चूंकि अब बेतवा पर बने मुहाना एवं यमुना पर बने कालपी पुल आदि के टूटने का खतरा बढ़ने से जहां प्रशासन सख्त हुआ वहीं ओवरलोड ट्रकों पर बालू या गिट्टी का कार्य करने वालों के कान खड़े हो गए। जिस ढंग से ओवरलोड का खेल चल रहा था और प्रशासन उनके लिए पंगु सा बन गया था परंतु जिला प्रशासन ने इस चीज का अहसास करा दिया कि अगर वह अपने पर उतर आए तो सबकुछ ठीक हो सकता है। ऐसी ही मुहिम प्रारंभ की गई है जिसकी मानीटरिंग खुद जिलाधिकारी संदीप कौर द्वारा की जा रही है। यह एक किसी चुनौती से कम नहीं है। एक तरफ सत्ता के नजदीक बैठे लोग अपना रुतबा दिखाकर बेखौफ रोडों पर ओवरलोड वाहन दौड़ाते थे जिससे कई हादसे घट चुके हैं परंतु उनकी कार्यशैली में सुधार नहीं आया इसलिए अब यह तय किया गया है कि अगर किसी भी ट्रक पर ओवरलोड है तो जहां-जहां बैरियर लगाए गए हैं उन्हीं स्थानों पर उनमें जितना भी ओवरलोड खनिज भरा हुआ है उसे उतरवा दिया जाएगा और उस डंप की नीलामी प्रशासन करवाएगा। इस तरीके से न तो रोड पर जाम लगेगा और न ही कोई सत्ताधारी इसका विरोध कर पाएगा। यह नियम सभी के लिए लागू किया गया है और यह नियम लागू होने से जहां शासन और प्रशासन को राजस्व की प्राप्ति होगी वहीं जनपद की करोड़ों रुपए से बन रही रोडें सुरक्षित रहेंगी। अभी ऐसा हो रहा है कि चैबीस घंटे में बनी रोड अड़तालीस घंटे के अंदर उखड़ जाती है और फिर उसको बनाने में फंड का अभाव होता है। ऐसी परिस्थितियों में लोगों को इन्हीं रोडों से गुजरना पड़ता है अगर ओवरलोड न रोका गया तो पूरे जनपद का यातायात ठप हो सकता है। झांसी एरच आदि तरफ से जो गिट्टी मौरम आती है वह भी इन्हीं सड़कों से गुजरती है। मुहाना कदौरा डकोर आदि जगह जहां-जहां खनिज होने की संभावनाएं हैं उस हर जगह पर बैरियर लगा दिए गए हैं जिन पर प्रशासन की कड़ी नजर होगी। बैरियर लगने से जहां बालू माफियाओं में हड़कंप मच गया है वहीं ट्रक संचालक भी अपनी ताकत का अहसास कराने के लिए तड़प रहे हैं। हालांकि अभी तक प्रशासन ने जो कुछ भी किया है उससे यह काम किसी हद तक हटकर है और यह अभियान अगर चल गया तो निश्चित रूप से इस जनपद की दिशा और दशा दोनों में ही सुधार हो जाएगा। जिलाधिकारी ने जो टीमें बनाई हैं उनमें खनिज संबंधित सीओ एसडीएम एडीएम के अलावा व्यापार कर व अन्य विभागों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं। उन्होंने इन विभागीय अधिकारियों को अपना मकसद भी बता दिया है कि इसमें अगर कहीं भी लापरवाही बरती गई तो उसका खामियाजा अधीनस्थों को भुगतना पड़ सकता है। वहीं एआरटीओ प्रवर्तन धनवीर यादव ने सत्रह गाड़ियां सीज कर दी और बाकी पर अन्य कार्रवाई अमल में लाई गई है।






Leave a Reply