09orai01उरई। अज्ञात वाहन की टक्कर से औरैया-जालौन रोड पर एक युवक की मौत हो गई। मृत युवक की बारात घटना के दिन ही सुबह लौटी थी। शाम को वह मेहमानों के लिए सामान खरीदने दहेज में मिली बाइक से कुठौंद आया था। तभी यह हादसा हो गया।
सिरसा कलार थाने के ग्राम टिकरी निवासी राजवीर सिंह (22वर्ष) पुत्र अमर सिंह का टीका गुरुवार को सिकरी रहमानपुर में हुआ था। उसके ससुर डालचंद्र ने विवाह समारोह पूरे धूमधाम से आयोजित किया था। उन्होंने दहेज में राजवीर को बाइक भी दी थी। शुक्रवार को सुबह राजवीर की बारात गांव वापस आ गई। राजवीर के पिता अमर सिंह की पहले ही मौत हो चुकी है। घर में किसी अन्य पुरुष सदस्य के न होने की वजह से शाम को वह मेहमानों के लिए कुछ सामान लेने कुठौंद चला आया। इसी दौरान संकल्प होटल के सामने अज्ञात वाहन उसकी बाइक में टक्कर मारता हुआ निकल गया। पीछे से आ रहे गांव के बदन सिंह ने जब उसे सड़क पर लहूलुहान पड़े देखा तो राहगीरों की मदद से वे तत्काल उसे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गये। डाॅक्टर ने हालत सीरियस होने के कारण उसे रेफर कर दिया। उसे कानपुर ले जाया जा रहा था। इस दौरान माती के ही पास उसके प्राण पखेरू उड़ गये।
घटना के कारण आज पूरे चैरासी क्षेत्र में मातम छाया रहा। लोगों को इस बात की बड़ी वेदना थी कि राजवीर के हाथ से अभी विवाह का कंगन नही छूट पाया था कि उसकी जान चली गई। उसके पिता अमर सिंह दो भाई थे और दोनों के बीच वही इकलौता लड़का था। अमर सिंह व उनके भाई दोनों ही गुजर चुके हैं। अब उनके परिवार का नाम राजवीर के जरिये ही आगे बढ़ना था लेकिन जिदंगी का सफर शुरू होने के पहले ही उसका भी अंत हो गया। पोस्टमार्टम हाउस पर इसीलिए महेवा क्षेत्र के सैकड़ों लोगों की भीड़ विधायक पति सुरेंद्र सिंह सरसेला सहित मौजूद थी और हर कोई इस परिवार के अभिशाप की चर्चा करता हुआ गमगीन हो रहा था।

Leave a Reply