उरई। विधानसभा चुनाव का रणक्षेत्र सजने के पहले समाजवादी पार्टी में उठापटक चल रही है। हाईकमान के पर्यवेक्षकों के सामने भी इस उठापटक का नजारा सामने आ चुका है। इसी बीच पर्यवेक्षकों द्वारा इसके मददेनजर उच्च नेतृत्व को सौंपी गई रिपोर्ट में जिले के सांगठनिक ढांचे में बदलाव की संस्तुति भी शामिल मानी जा रही है। उधर कार्यकर्ताओं ने यह रिपोर्ट लागू होने के आसार देख संगठन के नेतृत्व के लिए कई नामों पर विमर्श शुरू कर दिया है।
विधानसभा चुनाव की बेला में पूरी पार्टी को एकजुट करना समाजवादी पार्टी में स्थानीय नेतृत्व के लिए सबसे बड़ी चुनौती माना जा रहा है। चुनावी बेला में इस जरूरत की पूर्ति के लिए संगठन के अध्यक्ष पद पर सर्वमान्य व्यक्तित्व की ताजपोशी की मंशा कार्यकर्ता जाहिर कर रहे हैं। जाहिर है कि सर्वमान्यता के लिए ऐसा चेहरा चाहिए जिसमें अनुभव, दूरदर्शिता और संजीदगी का समावेश हो। इसमें सबसे ऊपर नाम बेनीमाधव इंटर काॅलेज के प्रधानाचार्य और राष्ट्रपति से सम्मानित आदर्श अध्यापक नबाव सिंह यादव का लिया जा रहा है।
नबाव सिंह यादव इंद्रजीत सिंह के समय जिला कार्यकारिणी के वरिष्ठ पदाधिकारी रह चुके हैं। शिक्षा जगत में उन्होंने लौह अनुशासन के लिए अलग इमेज बनाई है। पार्टी के प्रति उनकी अटूट निष्ठा शुरू से रही है और उनके ऊपर कभी कोई आरोप या दाग नही रहा है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि जहां उनके अध्यक्ष होने पर पूरी ईमानदारी से उनके द्वारा पार्टी की सेवा किये जाने का भरोसा कार्यकर्ताओं में है वहीं उनके व्यक्तित्व की वजह से पार्टी बैठकों में बेअदबी जैसी हरकत की गुंजाइश भी पूरी तरह खत्म हो जायेगी। बताया जाता है कि नबाव सिंह के नाम को दर्जनों कार्यकर्ताओं ने पत्र के माध्यम् से पार्टी आलाकमान तक पहुंचा दिया है।
पार्टी की आम राय पुराने चेहरे को ही वरीयता के पक्ष में है। नबाव सिंह के साथ-साथ वीरपाल सिंह दादी के नाम पर भी व्यापक राय जाहिर की जा रही है। जानकार सूत्रों का कहना है कि कुछ ही दिनों के अंतराल में समाजवादी पार्टी में जिला स्तर पर बड़े फेरबदल को अंजाम दिया जायेगा भले ही इसमें लाभान्वित होने वाले चेहरे कोई भी हों।







Leave a Reply