08orai02 08orai03उरई। जिला पंचायत की बबीना सीट के उपचुनाव की सोमवार को मतगणना कदौरा के गफूर खां महाविद्यालय में तनावपूर्ण माहौल के बीच काफी उठा-पटक के बीच संपन्न हुई। जिसमें आसना खातून अपनी निकटतम प्रतिद्वंदी नीलम यादव के मुकाबले 166 मतों से निर्वाचित घोषित की गईं। पुर्नमतगणना को लेकर काफी देर तक मतगणना हाॅल में खींचतान मची रही। उधर बाहर लोगों ने बबाल कर दिया। जिसमें पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी की गाड़ी पथराव में क्षतिग्रस्त हो गई। बाद में पुर्नमतगणना के आवेदन निरस्त कर अपर जिलाधिकारी आनंद कुमार ने मौके पर ही आसना खातून के प्रतिनिधि को उनके निर्वाचन का प्रमाणपत्र थमा दिया।
बबीना सीट पर कांटे का चुनाव होने की वजह से आज मतगणना के दिन स्थिति भारी तनावपूर्ण हो गई। पहले से ही इसका अंदाजा होने की वजह से मतगणना स्थल के आसपास का क्षेत्र छावनी बना दिया गया था। कई थानों की फोर्स और पीएसी की तैनाती सुरक्षा व्यवस्था के लिए की गई थी। जिलाधिकारी संदीप कौर और पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार त्रिपाठी भी मतगणना स्थल पर मौजूद रहकर स्थिति पर चैकन्नी निगाह रखे हुए थे। पहले कई राउंड में नीलम यादव आगे चलीं। लेकिन इसके बाद अचानक आसना खातून ने बढ़त ले ली। जिससे नीलम के समर्थकों ने हंगामा मचाना शुरू कर दिया।
अधिकारियों ने एक बार पुर्नमतगणना की गुहार मानकर दोबार गिनती कराई। लेकिन एक भी वोट इधर से उधर नही हुआ। इसके बाद फिर लगातार पुर्नमतगणना की गुजारिश की गई। जिसे लेकर अधिकारी काफी देर तक ऊहापोह की हालत में रहे। उधर मतगणना स्थल के बाहर उपद्रव शुरू हो गया जिसमें पूर्व सांसद घनश्याम अनुरागी, पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के जीतू पाल और कालपी के एसएचओ की गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस ने स्थिति संभालने के लिए बल प्रयोग किया। पुलिस के खदेड़ने के बावजूद हंगामा होता रहा। पुलिस ने इसके बाद आंसू गैस के गोले भी दांगे।
मतगणना में आसना खातून को 10533 मत मिले जबकि नीलम यादव ने 10369 मत हासिल किये। भाजपा की प्रत्याशी प्रेरणा सिंह केवल 673 मतों पर सिमट गईं। परिणामों की घोषणा के बाद आसना खातून को पुलिस की कड़ी सुरक्षा के बीच उनके घर भेजा गया। आसना के घर के बाहर भी फोर्स की तैनाती की गई है।

Leave a Reply