जालौन-उरई। ससुरालियों द्वारा आए दिन दहेज की मांग को लेकर पुत्री को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने तथा घर से निकालने की शिकायत पीड़िता के पिता ने कोतवाली में तहरीर देते हुए की। वहीं पीड़ित पिता की तहरीर पर पुलिस मामले की जांच में जुटी।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सहाव निवासी लल्लूराम ने पुलिस को बताया कि उसने अपनी पुत्री रक्षा की शादी वर्ष 2010 में ग्राम उरगांव निवासी शिवराज के पुत्र देवेंद्र कुमार के साथ अपनी हैसियत के अनुसार दान दहेज देकर की थी। परंतु शादी के बाद उसके ससुरालीजन दान दहेज से संतुष्ट नहीं हुए। पुत्री के ससुरालीजन उसकी पुत्री को एक लाख रूपए और दहेज में लाने की मांग करते हुए उसे आए दिन शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। इतना ही नहीं जब उसकी पुत्री गर्भवती थी तब भी उसके ससुरालियों का दिल नहीं पसीजा वह उसे भूखा प्यासा रखते व उसके साथ मारपीट करते रहे। इस दौरान कई बार बिरादरी व सभ्रांतजनों के साथ पंचायत भी की गई। इसके बाद कुछ दिन तो ठीक ठाक चला परंतु इसके बाद फिर वही पुरानी स्थिति आ गई। अभी 3 सितंबर को भी पुत्री के ससुरालियों ने उससे दहेज में एक लाख रूपए लाने की मांग की। जब उसकी पुत्री ने बताया कि उसके पिता की हैसियत इतनी नहीं है कि वह एक लाख रूपए दे सकें। इस बात से नाराज होकर उसकी सास, ससुर व देवर के साथ मिलकर उसके पति ने भी उसके साथ काफी मारपीट की। इसके बाद उसी दिन शाम को वह उसे मायके छोड़ गए और कह गए कि जब एक लाख रूपए हों तभी पुत्री को ससुराल भेजें अन्यथा पुत्री को मारकर वह अपने पुत्र की दूसरी शादी करा लेंगे। पीड़िता के पिता ने कोतवाली पुलिस से न्याय की गुहार लगाई। तो वहीं, कोतवाली पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर पर मामले की जांच शुरू की।






Leave a comment