उरई। लेखपाल अपनी मांगों के लिए सरकार पर कारगर दबाव बनाने के क्रम में नित नये तरीके अपना रहे हैं। मंगलवार को उन्होंने तहसील परिसर में सरकार की बुद्धि-शुद्धि के लिए यज्ञ कराया। इस दौरान कौतूहल में सड़क से आने-जाने वाले राहगीरों की भारी भीड़ जमा बनी रही।
लेखपाल पिछले एक सप्ताह से प्रदेश भर में वेतन वृद्धि और पदोन्नति से जुड़ी विभिन्न मांगों के लिए प्रदेश भर में आंदोलन छेड़े हुए हैं। जिले में भी सदर तहसील के बाहर लेखपाल रोजाना कामबंद रखकर सभाएं कर रहे हैं जिसमें सरकार को जी भर कर कोसा जा रहा है। दूसरी ओर सरकार के प्रतिनिधि लेखपालों के आंदोलन को अभी तक अनदेखा ही करते रहे हैं।
इस कारण लेखपालों ने मंगलवार को नाटकीय तरीका अपनाते हुए सरकार की बुद्धि-शुद्धि यज्ञ का कौतुक रचाया। लेखपालों ने बाकायदा यज्ञ कुंड बनाकर उसमें हवन किया और संस्कृत के श्लोक पढ़ते हुए आहूति डाली। कार्यक्रम में पिछले दिनों प्रदेश स्तर पर हुए आंदोलन के दौरान लाठियां खाने वाले लेखपाल साथियों को लेखपाल संघ द्वारा सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में कौशलेंद्र श्रीवास्तव, रामदत्त सिंह, प्रेम नारायण मिश्रा, रंजीत सिंह, रमेश चंद्र पचैरी, दिनेश बाबा, ओमप्रकाश द्विवेदी, रामलखन कालपी, देशराज, सुरेश चंद्र खरे आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।






Leave a comment