- सात महीने पूर्व प्रेमी संग भागी लड़की बरामद की कोतवाली पुलिस ने
- मामले में पांच के खिलाफ पॉक्सो एक्ट में दर्ज थी एफआईआर
कोंच-उरई। सात माह पहले कोतवाली के ग्राम सिमिरिया से अगवा की गई लड़की को कोतवाली पुलिस ने बरामद कर लिया है लेकिन जब उसे कोर्ट में पेश किया गया तो लड़की ने लिखाई गई रिपोर्ट को सपोर्ट नहीं किया जिसके चलते कोर्ट ने उसे स्वतंत्र जाने दिया। कोर्ट के फैसले के बाद उक्त लड़की जिसने अपने प्रेमी के साथ भाग कर शादी की थी, को प्रेमी के भाई के सुपुर्द कर दिया गया। सुपुर्दगी के वक्त लड़की के माता पिता भी मौजूद थे। इस मामले में लड़की के पिता ने चार नामजद के साथ तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण सहित पॉक्सो एक्ट में एफआईआर दर्ज कराई थी, किंतु कोर्ट के फैसले के बाद इसमें पुलिस को फाइनल रिपोर्ट लगाने के लिये मजबूर होना पड़ा है।
जानकारी के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सिमिरिया निवासी कल्लू बाल्मीकि की पुत्री रक्षा को उरई के बघौरा का रहने बाला अनिल जाटव जो ग्राम सिमिरिया में अपने बहनोई के यहां पिछले दो साल से रह रहा था, बहलाफुसला कर अगवा कर ले गया। यहां से भागने के बाद दोनों का कोई अता पता नहीं लगा। 1 फरवरी 2016 को घटित इस घटना की एफआईआर लड़की के पिता कल्लू ने बिटिया को नाबालिग करार देते हुये 2 फरवरी को कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 93/16 के तहत अनिल पुत्र जगदीश, सीता पत्नी काशीराम, काशीराम तथा कुलदीप पुत्र श्रीनारायण सहित तीन अज्ञात लोगों के विरुद्घ भादंवि की धारा 363, 366 तथा 3/4 पॉक्सो एक्ट में दर्ज कराया था। पुलिस लड़की की बरामदगी के लिये तमाम हाथ पांव मारती रही लेकिन दोनों गधे के सिर के सींग की तरह गायब थे। गुजरी 2 सितंबर को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि उक्त लड़की और लड़का यहां कोंच रेलवे स्टेशन के पास देखे गये हैं। पुलिस ने घेराबंदी करके लड़की को तो बरामद कर लिया लेकिन लड़का उसके हत्थे पहीं चढ सका। चिकित्सीय परीक्षण में लड़की के बालिग होने की पुष्टिï डॉक्टरों ने कर दी और आज जब उक्त लड़की को एडीजे सेकंड के यहां पेश किया गया और लड़की ने पुलिस प्रॉसीक्यूशन को सपोर्ट नहीं किया तो कोर्ट ने उसे स्वतंत्र जाने दिया। सागर चौकी प्रभारी रवीन्द्रकुमार त्रिपाठी ने बताया है कि लड़की ने चूंकि अनिल से शादी कर लेने की बात स्वीकारी है और उसी के साथ रहने की इच्छा जताई है लिहाजा उसे अनिल की गैरमौजूदगी में उसके कथित जेठ करन के सुपुर्द कर दिया गया है।






Leave a comment