उरई। बिजली विभाग की लापरवाही से शनिवार को एक और होनहार युवक की असमय मौत हो गई।
घटना सिरसाकलार थाना क्षेत्र के सदूपुरा गांव की है। शुक्रवार को गांव के बाहर हाईटेंशन लाइन का तार टूट कर गिर गया था। बिजली विभाग को इसकी जानकारी दे दी गई थी। लेकिन टूटे पड़े तारों से जिले में दर्जनों मौतें हो चुकने के बावजूद बिजली विभाग के जिम्मेदारों की आत्मा नही तड़पी।
ताजा मामले में भी बिजली विभाग ने बेपरवाही के अपने रवैये का परिचय दिया। शनिवार को सुबह प्रेम सिंह (18वर्ष) पुत्र चंद्रभान सिंह शौच क्रिया के लिए निकला। इस दौरान गैर जानकारी में उसका पांव टूटे हाईटेंशन तार पर जा पड़ा। तेज करंट के चलते तार छूते ही प्रेम झुलसकर कोयला हो गया और मौके पर ही उसकी जान चली गई।
खबर पाकर सिरसाकलार थानाध्यक्ष घटना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। ग्रामीण इस मामले में क्षेत्र के एसडीओ विद्युत और जेई के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज करने, साथ ही मृतक के परिजनों को विभाग से 30 लाख रुपये मुआवजा दिलाने की मांग कर रहे थे। तनाव को देखते हुए लोगों को शांत रखने में सिरसाकलार के प्रभारी निरीक्षक सत्यदेव सिंह को भारी मशक्कत करनी पड़ी।






Leave a comment