उरई। शिव अखंड ज्योति स्पेशल विद्यालय के नेत्रहीन छात्रों ने गुरुवार को डीएम कार्यालय पर प्रदर्शन किया। छात्र वैकल्पिक व्यवस्था न होने तक उस भवन से उन्हें बेदखल न होने देने की गुहार लगा रहे थे। जिसमें अभी तक यह विद्यालय संचालित होता रहा है।
गौरतलब है कि सन् 2005 में गंगादीन चक्रवर्ती ने अपने एनजीओ के माध्यम् से निजी मकान में नेत्रहीन बच्चों के विद्यालय का शुभारंभ किया था। 2013-14 में समाजसेवी जगभान ने अपना प्लाट विद्यालय भवन के निर्माण के लिए दान दे दिया। बाद में विधायक निधि से इस भवन का निर्माण शुरू हुआ जो अभी जारी है।
इसी बीच गंगादीन ने अपना मकान बेंच दिया। इसके बाद वे बच्चों और शिक्षकों पर भवन खाली करने का दबाव बना रहे हैं। बच्चों के मुताबिक प्रबंधक द्वारा उनकों गाली-गलौज कर आतंकित किया जाता है। विद्यालय में तैनात तीन शिक्षकों को उन्होंने पारिश्रमिक देना भी बंद कर दिया है। जबकि नेत्रहीन बच्चों के लिए स्कूल चलाने हेतु उन्हें काफी योगदान मिला था जिसका कोई हिसाब-किताब उनके पास नही है।
बच्चों ने कहा कि नया भवन पूर्ण होने तक अगर उन्हें स्कूल की वर्तमान जगह से बेदखल कर दिया गया तो उनकी पढ़ाई ब्रेक हो जायेगी। दूसरी ओर विद्यालय के प्रबंधक गंगादीन चक्रवर्ती ने भी एक ज्ञापन डीएम को दिया। जिसमें उन्होंने विद्यालय के प्रधानाध्यपक पर आरोप लगाया है कि विद्यालय की मान्यता केवल पांचवी कक्षा तक के लिए है जबकि प्रधानाध्यापक ने इससे अधिक क्लास के बाहरी लड़के विद्यालय में बुला लिये हैं। उसे अनुशासनहीनता के लिए बर्खास्त करने की कार्रवाई विचाराधीन है। जिसकी पेशबंदी में वह बच्चों को बरगलाने में लग गया है।







Leave a comment