कोंच-उरई। शासन के निर्देश पर सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की हकीकत जाननेे के अधिकारी गांवों का ताबड़तोड़ दौरा करने में लगे हैं और एक दिन में कम से कम एक न्याय पंचायत में लगने बाले गांवों में जन चैपालें लगा कर योजनाओं को धरातल पर कितना भाव मिला है, परखने की कोशिशें कर रहे हैं। ज्यादातर गांवों में बिजली, पानी, रास्तों में अतिक्रमण, तालाबों पर अतिक्रमण, स्कूलों में टीचरों की अनुपस्थिति तो कहीं कहीं बच्चों की कम हाजिरी जैसी समस्यायें आमतौर पर उभर कर सामने आ रही हैं।
सशक्त गांव विकसित प्रदेश अभियान के तहत एसडीएम मोईनुल इस्लाम व तहसीलदार भूपाल सिंह ने नदीगांव ब्लॉक के गांवों का रुख किया, यहां जगनपुरा न्याय पंचायत के कमोवेश चार गांवों में जन चैपालें लगा कर शासन द्वारा संचालित योजनाओं के बारे में जनता को बताया। इसके अलावा उन्होंने ग्रामीणों से समस्याओं के बारे में पूछा तो लगभग सभी गांवों में मिलीजुली समस्यायें आईं। अधिकारियों ने ग्राम पंचायत जगनपुरा, लाडूपुरा, सींगपुरा व सलैया खुर्द में जन चैपाल लगायी। इस दौरान उन्होंने गांवों में चल रही शासन की योजनाओं हौसला पोषण योजना, खाद्य सुरक्षा अधिनियम, मनरेगा, आम आदमी बीमा योजना सहित केंद्र एवं राज्य सरकारी की योजनाओं की जानकारी ग्रामीणों को दी। एसडीएम ने स्वरोजगार योजना के तहत अपने व्यवसाय खुद खड़े करने के लिये युवाओं को प्रेरित करते हुये कहा कि सरकार इस दिशा में आर्थिक मदद भी मुहैया करा रही है जिसका लाभ युवाओं को लेना चाहिये। तहसीलदार भूपाल सिंह ने मतदाता सूचियों के जारी पुनरीक्षण में सहयोग करते हुये नव वयस्क मतदाताओं के नाम शामिल कराने की बात कही, साथ ही बीएलओ को इपिक और जेंडर रेशियो पर खास ध्यान देने के लिये आगाह किया। इस दौरान सचिव मेहरबान सिंह सहित कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।





Leave a comment