उरई। कार्तिक पूर्णिमा पर पांच नदियों के संगम कंजौसा घाट पर पचनद में सोमवार को हजारों श्रद्धालुओं ने पुण्य स्नान कर बाबा साहब के मंदिर में दर्शन किये। इस बार जगम्मनपुर के वरिष्ठ पत्रकार और प्रसिद्ध समाजसेवी विजय द्विवेदी के नेतृत्व में पचनदा मेला आयोजन प्रबंधन समिति ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बेहतरीन प्रबंध किये थे।
पचनद का कार्तिक मेला मशहूर है। इटावा, भिंड, जालौन और औरेया जनपदों के ग्रामीणों का सदियों से यह विशाल मेला माना जाता है। जिसका क्रम आज तक बरकरार है। हालांकि इस बार नोट बंदी के फैसले का नजला इस मेले पर भी टूटा जिससे खरीददारी कम होने के कारण बाहर से आये दुकानदारों को माथा पीटना पड़ा। फिर भी पचनद मेले की मशहूर जलेबियों का आनंद ग्रामीणों ने पूरे उत्साह के साथ लिया। जमुनापारी बकरियों के मेले में भी खासी भीड़ रही। मेला एक पखवारे तक जारी रहेगा। विजय द्विवेदी ने बताया कि मेला प्रबंध समिति के स्वयं सेवक आगंतुकों की सेवा-सुविधा का ख्याल रख रहें हैं। उन्होंने प्रशासन और पुलिस का भी व्यवस्था में पूरे सहयोग के लिए आभार जताया।







Leave a comment