कोंच-उरई। बुंदेलखंड में सपा के भामाशाह सांसद डॉ. चंद्रपालसिंह यादव ने नोटबंदी के मुद्दे पर केन्द्र सरकार पर करारे प्रहार किये, कहा कि पीएम मोदी का यह फैसला देश की सवा करोड़ जनता को आफत में डालने बाला है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से तानाशाही तरीके से यह फैसला लिया गया उस पर सवाल उठना स्वाभाविक है क्योंकि इससे आम जनता की मुश्किलें बढी हैं। नोटबंदी के एक माह बाद भी करेंसी की समस्या नहीं सुलट पाना सरकार की विफलता है, गरीब जनता बैंक शाखाओं और एटीएम के बाहर कतारें लगाये हुये है लेकिन उसे कैश के दर्शन नहीं हो पा रहे हैं। यह बात उन्होंने यहां एक कार्यक्रम में शिरकत करने के दौरान पूर्व सपा नगर अध्यक्ष गुफरान अहमद सिद्दीकी के आवास पर पत्रकारों से कही।
सपा सांसद ने मोदी के फैसले को तानाशाहीपूर्ण करार देते हुये कहा कि एक तरफ तो बिना होमवर्क किये नोटबंदी का फैसला आनन फानन लागू किया गया, कैश के आधार पर चलने बाली देश की व्यवस्था को कैशलेस बनाने के चक्कर में सरकार गरीबों की कठिनाइयों की अनदेखी सिर्फ इस लिये कर रही है कि शायद पीएम महोदय का ईगो कहीं हर्ट न हो जाये। एक सवाल पर सपा सांसद ने कहा कि वह मानते हैं कि देश की रग रग में व्याप्त भ्रष्टाचार, काला धन, नकली करेंसी और आतंकियों की फंडिंग रोकने की माकूल व्यवस्था होनी चाहिये क्योंकि इनके बदौलत यहां की अर्थ व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित होना पड़ रहा है और इनसे निजात मिलनी ही चाहिये। यहां सवाल यह है कि जिस तरह से नोटबंदी लागू की गई है उससे भ्रष्टाचार, काले धन, नकली करेंसी और आतंकियों को होने बाली फंडिंग पर क्या प्रभाव पड़ेगा यह तो भबिष्य बतायेगा लेकिन इससे गरीबों की रोटी-रोजी की व्यवस्था जरूर बुरी तरह प्रभावित हो गई है। लोगों के पास काम नहीं है और जेबें खाली हैं, ऐसी स्थिति में गरीब के मुंह का निवाला छीनने वाली केन्द्र की भाजपा सरकार को जनता आइना जरूर दिखायेगी। विस चुनाव में सपा की सफलता को लेकर पूछे गये एक सवाल पर उन्होंने दो टूक कहा कि सपा ने प्रदेश में जो विकास कार्य कराये हैं उन्हें जनता भी जानती है और आने बाले दिनों में सपा पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रही है। इस दौरान पूर्व सपा जिलाध्यक्ष चैधरी धीरेन्द्र यादव, रामानंद कुशवाहा आदि मौजूद रहे।







Leave a comment