उरई : माधौगढ़ विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे कांग्रेस और बसपा के उम्मीदवार करोड़पति हैं। गुरूवार को दोनों प्रत्याशियों ने नामांकन पत्र में संलग्न हलफनामे में इसका खुलासा किया है।
चुनाव जीतने के पहले भले ही माननीयों के पास इतनी अधिक संपत्ति न रही हो लेकिन चुनाव जीतने के बाद जरूर कुछ न कुछ इजाफा हो जाता है। माधौगढ़ विधानसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी गिरीश अवस्थी पहली बार विधानसभा का चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने अपनी संपत्ति का विवरण करोड़ों में दिया है। उन्होंने अपनी कुल चल संपत्ति 55 लाख 3994 रुपये, पत्नी के पास 18 लाख 75256 रुपये, खुद के पास नगद 5 लाख रुपये, 1 लाख 50 हजार पत्नी के पास, अचल संपत्ति पत्नी के पास 1 करोड़ 15 लाख रुपये की, स्वयं के पास 6 करोड़ 50 लाख रुपये की, खुद के पास 100 ग्राम सोना, पत्नी के पास 400 ग्राम सोना और 500 ग्राम चांदी होना दिखाया है। वहीं कांग्रेस उम्मीदवार विनोद चतुर्वेदी ने अपनी घोषित संपत्ति में ग्राम टीकर में 6.270 हेक्टेयर का आधा भाग, गाजियाबाद में एक प्लाट 300 वर्ग फिट, पत्नी के नाम कोंच रोड में आवासीय प्लाट, लहरियापुरवा में एक प्लाट, इंदिरा नगर उरई में रिहाइसी मकान, गोमती नगर लखनऊ में एक फ्लैट, अजनारी रोड पर एक प्लाट के लिए अग्रिम ढाई लाख रुपये दे चुके हैं, नगद एक लाख खुद के पास, पत्नी के पास 53 हजार रुपये, सोना खुद के पास 30 ग्राम पत्नी के पास 150 ग्राम दिखाया है। वर्ष 2012 में जब वह चुनाव लड़े थे तब अपनी संपत्ति में उन्होंने नगदी खुद के पास 1 लाख रुपये, पत्नी के पास 25 हजार रुपये, उरई के बैंक 2647 रुपये, लखनऊ के बैंक खाते में 7 लाख 84 हजार रुपये खुद के पास, पत्नी के लखनऊ के बैंक खाते में 15339 रुपये, पत्नी के पास 50 शेयर, 3 लाख की बीमा पालिसी, खुद के पास एक इनोवा गाड़ी, एक सफारी गाड़ी, 25 ग्राम सोने के जेवर खुद के पास, 50 ग्राम सोने के जेवर पत्नी के पास दिखाए थे।







Leave a comment