0
उरई। विधान सभा चुनाव के नामांकन के चौथे दिन जहां उरई जालौन सुरक्षित विधान सभा क्षेत्र में नामांकन के नाम पर आज भी सन्नाटा छाया रहा। वहीं माधौगढ़ विधान सभा क्षेत्र से आज दो नामांकन पत्र भरे गए। कांग्रेस के विनोद चतुर्वेदी एवं बहुजन समाज पार्टी कि गिरीश अवस्थी ने नामजदगी के पर्चे भरे तो कालपी विधान सभा क्षेत्र में भाकपा माले के शिववीर सिंह भिटारी ने नामांकन का दूसरा सेट दाखिल किया। कलेक्ट्रेट परिसर उरई में नामजदगी के चौथे दिन आज माधौगढ़ विधान सभा क्षेत्र से कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी विनोद चतुर्वेदी ने नामांकन पत्र का पहला सैट दाखिल किया। हालांकि वह बिना किसी तामझाम के नामांकन करने पहुंचे। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता विनोद चतुर्वेदी माधौगढ़ विधान सभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी एवं कांग्रेस गठबंधन से अधिकृत प्रत्याशी है नामांकन के समय न तो समाजवादी पार्टी का कोई नेता मौजूद रहा और न ही कांग्रेस पार्टी का कोई वरिष्ठ नेता मौजूद था। यहां तक कि कांग्रेस के जिलाध्यक्ष श्याम सुंदर चौधरी भी नामांकन के समय नहीं थे। उन्होंने रिटर्निंग आफीसर सुरेश चंद्र सोनी को नामांकन पत्र सौंपा। बहुजन समाज पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी गिरीश अवस्थी ने बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष शैलेंद्र शिरोमणि, जिला पंचायत सदस्य अल्ताफ  खान, वरिष्ठ नेता नीरज पाठक तथा अन्य साथियों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर अपना नामांकन पत्र भरा। माधौगढ़ विधान सभा क्षेत्र में आज तीन लोगों ने और पर्चे खरीदे जिसमें नगर पालिका परिषद जालौन के अध्यक्ष गुलाब जाटव खकसीस, सर्वसंभाव पार्टी की शकुंतला पटेल और निर्दलीय मेबालाल रिटायर्ड फौजी ने भी पर्चे खरीदे। 1 फरवरी को निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में कृपाशंकर द्विवेदी उर्फ बच्चू महाराज तथा परशुराम ने पर्चे भरे जबकि पंडित गोपाल स्वरूप गांधी नामांकन के दूसरे दिन ही पर्चा भर चुके हैं। इस तरह माधौगढ़ क्षेत्र में अब तक पांच लोग नामांकन कर चुके है। जहां तक कालपी विधान सभा क्षेत्र की बात है तो आज यहां से भाकपा माले के शिववीर सिंह ने नामांकन का दूसरा सैट दाखिल किया। कल भी उन्होंने नामांकन पत्र का एक सैट दाखिल किया था। यहां पर कल कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी श्रीमती उमाकांती सिंह ने नामांकन पत्र दाखिल किया था जबकि समाजवादी पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी राकेश पाल ने भी पर्चा भरा था। कालपी क्षेत्र से बहुजन समाज पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी छोटे सिंह चौहान भी कल नामांकन पत्र का एक सैट दाखिल कर चुके हैं। इस तरह कालपी विधान सभा क्षेत्र में अब तक चार लोगों ने ही नामजदगी के पर्चे भरे हैं। हालांकि कालपी विधान सभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने के लिए आज तीन और लोगों ने पर्चे खरीदे जिसमें राष्ट्रीय लोकदल के अधिकृत प्रत्याशी राहुल शर्मा, बहुजन मुक्ति पार्टी से साधना सिंह अहिरवार और निर्दलीय सुनीता राजपूत है। उल्लेखनीय है कि जिला पंचायत सदस्य धर्मेंद्र राजपूत महानदल से पर्चा खरीद चुके है और आज निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में पर्चा खरीदने वाली सुनीता राजपूत उनकी पत्नी है। कालपी विधान सभा क्षेत्र में अब तक 18 लोगों द्वारा नामांकन के लिए पर्चे खरीदे जा चुके हैं। उरई जालौन सुरक्षित विधान सभा क्षेत्र में चौथे दिन भी सन्नाटा छाया रहा। आज तो स्थिति यह रही कि उरई क्षेत्र से न तो किसी ने पर्चा खरीदा और न ही किसी ने नामांकन पत्र दाखिल किया। उरई सुरक्षित क्षेत्र से अब तक नौ लोग नामांकन पत्र खरीद चुके है जिसमें भाजपा, बसपा, जैसे राष्ट्रीय दलों के उम्मीदवार शामिल है। समाजवादी पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के रूप में नामांकन पत्र खरीदने वाले महेंद्र कठेरिया का टिकट पार्टी ने काट दिया है उनके स्थान पर पार्टी ने सदर विधायक दयाशंकर वर्मा को उम्मीदवार बनाया है।

Leave a comment