उरई। विधानसभा चुनाव प्रक्रिया को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस व प्रशासन द्वारा तैयारियां जारी हैं। गुरुवार को शहर में भारी भरकम फ्लैग मार्च निकालकर मतदाताओं को सुरक्षा का एहसास कराया गया। इस दौरान अधिकारियों ने मतदाताओं से अपील की है कि वह बिना किसी डर व भय के निर्भीक होकर मतदान करें अगर कोई व्यक्ति किसी प्रत्याशी को वोट देने के लिए दबाव डाले तो इस बारे में प्रशासन को अवगत कराएं उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। गुरुवार को जिलाधिकारी संदीप कौर, एसपी डा. राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में शहर के भीड़भाड़ वाले इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया। पुलिस व पैरामिलेट्री फोर्स के जवानों ने भारी बूटों की ठाप से मतदाताओं को सुरक्षा का एहसास कराया और उन्हें निर्भीक होकर बिना किसी डर व भय के मतदान करने के लिए प्रेरित किया। झांसी रोड स्थित सनातन धर्म इंटर कालेज से शुरू हुआ फ्लैग मार्च माहिल तालाब, बजरिया, गणेशगंज, शहीद भगत सिंह चौराहा, गोपालगंज, घंटाघर, राठ रोड, स्टेशन रोड से होते हुए फिर से शहीद भगत सिंह चौराहे पर खत्म हुआ। इस दौरान सबसे आगे डीएम, एसपी समेत अन्य अधिकारी चल रहे थे। उनके पीछे पुलिस व पैरामिलेट्री फोर्स के जवान चल रहे थे। इस दौरान जिलाधिकारी संदीप कौर ने कहा कि सभी मतदाताओं को अपने मत के अधिकार का प्रयोग करना चाहिए। इससे लोकतंत्र को मजबूती मिलती है और एक मजबूत सरकार बनने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि देश निर्माण में अपने दायित्व का निर्वाहन करते हुए सभी मतदाता 23 फरवरी को मतदान अवश्य करें। पुलिस अधीक्षक डा. राकेश कुमार सिंह ने कहा कि मतदान के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी से निपटने के लिए पुलिस पूरी तरह से तैयार है। शांतिपूर्ण तरीके से मतदान प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए हम सभी तैयारियां पूरी कर रहे हैं। मतदाता बिना किसी के दबाव में आए निष्पक्ष तरीके से अपने प्रत्याशी का चयन करें अगर कोई व्यक्ति उन पर किसी प्रत्याशी को वोट डालने के लिए दबाव बनाता है तो इस बारे में उन्हें अवगत कराएं। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक सुभाष चंद्र शाक्य, सीओ अरुण कुमार, शहर कोतवाल संजय कुमार गुप्ता आदि मौजूद रहे।







Leave a comment