उरई। एक ओर पुलिस शांतिपूर्ण तरीके से मतदान कराने को लेकर प्रयास कर रही है और लगातार कई दावे सुरक्षा को लेकर किए जा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर बदमाश भी लगातार पुलिस को खुली चुनौती देने में लगे हैं। बुधवार की रात उरई के मोहल्ला सुभाष नगर में सर्राफा व्यापारी के घर हुई डकैती के बाद सुरक्षा व्यवस्था के दावों की पोल खुल गई है। जिले में आठ दिनों के अंदर डकैती की यह दूसरी वारदात हैं। दोनों ही वारदातों को बदमाशों ने एक ही अंदाज में अंजाम दिया है। एक सप्ताह में दो डकैती की वारदातों से पूरा जिला थर्रा उठा है। इससे आम आदमी दहशत में जीने को मजबूर है। बुधवार की शाम करीब सात बजे शहर के बड़े सर्राफा व्यापारी राजीव महेश्वरी के घर पर करीब आधा दर्जन सशस्त्र बदमाशों ने धावा बोल दिया था। बदमाशों की घर पर मौजूद परिजनों से हाथापाई भी हुई थी और इसमें परिजन घायल भी हो गए थे। हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाते हुए घर में रखी 25 हजार रुपए की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात लूट ले गए थे। घटना के बाद मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस व स्वाट टीम ने मामले की छानबीन तो शुरू कर दी है पर इस वारदात से पूरे शहर में दहशत फैल गई है। यह आठ दिनों के अंदर दूसरी डकैती की वारदात है। इससे पूर्व 24 जनवरी की रात रामपुरा के टीहर गांव में भी आधा दर्जन से अधिक सशस्त्र बदमाशों ने अनिल दीक्षित के घर पर धावा बोल दिया था और वहां पर भी परिजनों को मरणासन्न कर जेवरात लूट ले गए थे। यह दोनों ही वारदात एक ही तरीके से अंजाम दी गई हैं और इन दोनों ही वारदातों में बदमाशों की घर पर मौजूद लोगों से हाथापाई हुई है। आठ दिनों के अंदर डकैती की दो बड़ी वारदातों से पूरा जिला थर्रा उठा है। आठ दिन बीत चुके हैं अभी तक टीहर डकैती कांड का खुलासा भी नहीं हो पाया था कि बदमाशों ने उरई में भी इसी तरह की दूसरी वारदात को अंजाम दे दिया। इससे पुलिस द्वारा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किए जाने वाले दावों की पोल खुल गई है। विधानसभा चुनाव के लिए मतदान की तिथि नजदीक है ऐसे में चुनावी मौसम में इन वारदातों ने सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। सवाल यह खड़ा हो रहा कि जब पुलिस बदमाशों पर कार्रवाई ही नहीं कर पा रही है तो ऐसी स्थिति में शांतिपूर्ण तरीके से मतदान कैसे कराया जा सकेगा?

इनसेट…
क्राइम कंट्रोल में पूरी तरह फेल हुए कोतवाली पुलिस
उरई। उरई के मोहल्ला सुभाष नगर में सरेशाम सर्राफा व्यापारी के घर हुई डकैती के बाद उरई कोतवाली पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े होने लगे हैं। इस वारदात ने उरई कोतवाली पुलिस द्वारा क्राइम कंटोल में पूरी तरह फेल होने के दावे को और मजबूत कर दिया है। जिस इलाके में डकैती की इस वारदात को अंजाम दिया गया है उससे चंद कदम की दूरी पर ही महिला थाना व डिप्टीगंज चौकी स्थित है। इसी इलाके में इलाहाबाद बैंक व आईसीआईसीआई बैंक के साथ ही करीब आधा दर्जन एटीम भी हैं। इलाके से ही सटा हुआ सर्राफा बाजार भी है। यह पूरा पोश इलाका माना जाता है। इतना सब कुछ होने के बाद भी पुलिस द्वारा इस इलाके में सुरक्षा को लेकर कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं जिसका फायदा बदमाशों ने उठा लिया और सरेशाम डकैती को वारदात को अंजाम दे डाला।

इनसेट…
सीसीटीवी कैमरों में कैद हुए बदमाश
उरई। उरई में डकैती की वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गए हैं। कैमरों में बदमाशों की पीड़ित परिजनों के साथ हुई हाथापाई भी दिखाई दे रही है। इन सीसीटीवी फुटेज को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है और इन्हें आधार बनाकर जांच शुरू कर दी गई है। अब देखना यह है कि पुलिस इस मामले का खुलासा कितनी जल्दी कर पाती है? बहरहाल इस वारदात के बाद शहरियों में दहशत का माहौल है और पुलिस की कार्यशैली के प्रति गुस्सा भी।

Leave a comment