konch6कोंच-उरई। कोंच की सीवेज व्यवस्था बुरी तरह से अस्त व्यस्त है, नगर के कई इलाके जल संस्थान की कारगुजारी के चलते नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं, उन्हीं में से एक मुहल्ला है तिलक नगर जहां सिद्धेश्वर मंदिर इलाके की सीवर लाइनें चोक हो चुकी हैं और उनके अंदर बहने बाली गंदगी सड़कों पर अठखेलियां कर रही है। कई बार शिकायत करने के बाबजूद इस विकट समस्या पर कान नहीं दिया जाना व्यवस्था पर सवालिया निशान लगाने के लिये काफी है।
कोंच की चार दशक पुरानी सीवेज व्यवस्था अब लगता है कि पूरी तरह से बर्बाद हो गई है और इसने अब नागरिकों को रुलाना शुरू कर दिया है। सालों से जगह जगह ओवरफ्लो होने वाले चैम्बरों से निजात मिल पाना शायद टेढी खीर ही है। रखरखाव नहीं होने और नियमित सफाई नहीं होने के कारण स्थिति पूरी तरह से नरक में तब्दील हो चुकी है। जल संस्थान के अधिकारियों का कोई अता पता नहीं है और सब कुछ ऊपर बाले के भरोसे छोड़ दिया गया है। नईबस्ती तिराहे पर सिद्धेश्वर मंदिर के ठीक सामने स्थित सीवर चैंबर गंदगी उगल रहा है जिसके चलते दर्शनार्थियों को भीषण बदबू से तो दो चार होना ही पड़ता है, सीवर की इस गंदगी में पांव पखार कर मंदिर तक पहुंच पाने की मजबूरी बनी हुई है। गुरुवार को इलाकाई लोगों दिलीप अग्रवाल, घनश्यामदास अग्रवाल, भरत अग्रवाल, गौरव गोस्वामी, मायादेवी, रेनु अग्रवाल, ममता दुवे, विनोद श्रीवास्तव, कपिल रिछारिया, पवन अग्रवाल, प्रदीप सहित दर्जनों लोगों ने एसडीएम मोईन उल इस्लाम को प्रार्थना पत्र देकर समस्या का निदान कराने की मांग की है।

Leave a comment