
उरई। इलाहाबाद बैंक की मुख्य शाखा में वेतन निकालते समय बीएसए दफ्तर के कर्मचारी के 20 हजार रुपये अज्ञात टप्पेबाज ने उभाड़ दिये।
वीरपाल जिला बेसिक शिक्षाधिकारी कार्यालय में परिचारक हैं। मंगलवार को वे लगभग पौने बारह बजे बैंक में अपना मासिक वेतन निकालने गये थे। उन्होंने 30 हजार रुपये निकाले जिसमें 100 की एक गडडी उन्होंने झोले में रख ली। इसके अलावा दो-दो हजार रुपये के 10 नोट उसने पीछे वाली जेब में रखे और काउंटर पर अपनी पासबुक में निकासी की पोस्टिंग कराने लगा। इसी बीच पीछे से जेब में से हाथ की सफाई से किसी ने उसके 20 हजार रुपये निकाल लिए। पोस्टिंग के बाद जैसे ही उसने पलटकर अपनी जेब टटोली रुपये गायब होने के आभास से उसके होश उड़ गये। वीरपाल ने तत्काल बैंक मैनेजर को अवगत कराया। उन्होंने अपने चैंबर से निकलकर देखा कहीं रुपये नही मिले। इस बीच उन्होंने पुलिस भी बुलवाई। लेकिन पुलिस के प्रयास भी नाकाम रहे। वीरपाल ने मुकदमा लिखाने के लिए थाने में तहरीर दे दी है।







Leave a comment