
कोंच-उरई । नगर पालिका परिषद् कोंच के नवनिर्वाचित अध्यक्ष व सभासदों का बहुप्रतीक्षित शपथ ग्रहण आज नागरिकों की भारी भीड़ के बीच संपन्न हुआ। अपना पद भार संभालने जा रहीं पालिका चेयरपर्सन डॉ. सरिता वर्मा ने आज शपथ लेने के बाद कोंचवासियों से रूबरू होते ही कहा कि उन्होंने कोंच को स्मार्ट सिटी बनाने का सपना संजोया है और यह सपना तभी साकार हो सकता है जब इस काम में न केवल पालिका बोर्ड के सभी सभासद बल्कि समूचे कोंच के लोग कंधे से कंधा मिला कर उनका सहयोग करें। शपथ ग्रहण मंच कांग्रेस के रंग में रंगे होने का आरोप जड़ते हुये कमोवेश पांच सभासदों ने शपथ ग्रहण नहीं ली।
आज कमला नेहरू बालिका इंटर कॉलेज में मिहौनी माता के महंत की अध्यक्षता, पूर्व सांसद एवं कांग्रेस अनुसूचित मोर्चा के राष्टï्रीय उपाध्यक्ष ब्रजलाल खाबरी के मुख्य आतिथ्य तथा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष पूर्व विधायक विनोद चतुर्वेदी, कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौधरी श्यामसुंदर के बिशिष्टï आतिथ्य में नव निर्वाचित पालिका बोर्ड को भव्य समारोह के बीच शपथ दिलाई गई। अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया,

तत्पश्चात् अधिष्ठापन अधिकारी एसडीएम सुरेश सोनी ने सर्व प्रथम पालिका चेयरपर्सन डॉ. सरिता वर्मा को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसके बाद सभी उपस्थित बीस सभासदों पुष्पेन्द्रसिंह, सुनीता, धर्मेन्द्र यादव, मनोज, अरविंद, शकील अहमद मकरानी, विशाल अग्रवाल, दंगलसिंह यादव, पूजा भदौरिया, प्रियंका, रुबीना खातून, शमसुद्दीन, अर्चना रजक, विमला, विजय बाबा, अनिल पटैरया, मुबारक व वंदना को सामूहिक रूप से शपथ दिलाई। पांच सभासदों नंदिनी कुशवाहा, अमित यादव, महावीर यादव, सितारा बेगम तथा रवि कुशवाहा ने यह आरोप लगाते हुये कि मंच को कांग्रेसी रंग में रंग दिया गया है, शपथ ग्रहण नहीं की। पूर्व सांसद ब्रजलाल खाबरी ने नगरवासियों को संबोधित करते हुये कहा कि उन्होंने कांग्रेस की प्रत्याशी डॉ. सरिता वर्मा में जिस तरह से भरोसा जता कर उनके विजय रथ के निमित्त बने, उस भरोसे को कायम रखा जायेगा। पूर्व विधायक विनोद चतुर्वेदी ने कहा कि कोंच का तो इतिहास ही कांग्रेसमय रहा है और यहां के लोगों ने अनेकों बार कांग्रेसी चेयरमैन देकर अपने विकास के रास्ते खोले हैं। मौजूदा पालिकाध्यक्ष भी उस विकास यात्रा को आगे ले जाने में अग्रणी रहेंगी और कोंच वासियों का भरोसा कायम रखेंगीं। समारोह को कांग्रेस जिलाध्यक्ष चौधरी श्यामसुंदर, रामकिशोर पुरोहित, प्रियाशरण नगाइच, सभासद अनिल पटैरया आदि ने भी संबोधित किया। मन्नू पेंटर ने स्वागत गीत गाया, संचालन पूर्व बारसंघ अध्यक्ष संतलाल अग्रवाल व रामेश्वर कस्तवार ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान ईओ रवीन्द्रकुमार, कांग्रेस अध्यक्ष प्रभुदयाल गौतम, हाजी सेठ नसरुल्ला, हाजी मोहम्मद अहमद, अनिल वैद, अखिल वैद, पूर्व सपा जिलाध्यक्ष चौधरी धीरेन्द्र यादव, गुफरान अहमद, अरविंद दीक्षित, प्रतिपालसिंह गुर्जर, हरिश्चंद्र तिवारी, लालप्रताप सिंह, अजय गोयल, राममोहन रिछारिया, राजकुमार चौधरी, संजय अग्रवाल, मंगल अग्रवाल, आनंद अग्रवाल, संदीप अग्रवाल, नवनीत गुप्ता, कढोरेलाल यादव, प्रमोद शुक्ला, रमेशदत्त मिश्रा, डॉ. आनंद गुप्ता, राघवेन्द्र तिवारी, अभिषेक रिछारिया, मनीष भदौरिया, रवि गौतम, नीतू विरगुवां, काजी जहीर, अनूप सौनकिया, सरनामसिंह यादव, श्रीनारायण दीक्षित, विश्वंभरदयाल जाटव, नवलकिशोर जाटव, जेई सतीश कमल, सेनेट्री इंसपेक्टर अभयसिंह सहित तमाम लोग मौजूद रहे।
शपथ ग्रहण का बहिष्कार करने बाले सभासद
आज के शपथ ग्रहण समारोह की खास बात यह रही कि पांच सभासदों ने पालिका चेयरपर्सन के साथ शपथ नहीं ली। इन सभासदों महावीर यादव, अमित यादव, नंदिनी कुशवाहा, रवि कुशवाहा तथा सितारा बेगम ने आरोप लगाया कि शपथ ग्रहण से पूर्व एक समन्वय बैठक गहोई भवन में हुई थी जिसमें साफतौर पर सहमति बनी थी कि किसी नेता के साथ मंच शेयर नहीं किया जायेगा लेकिन उस सहमति के विपरीत जहां एक तरफ मंच पर कांग्रेस के कई नेता बैठे थे तो वहीं दूसरी तरफ मंच को कांग्रेस के सिंबल पंजा युक्त झंडियों से सजाया गया था इसलिये उन्होंने शपथ ग्रहण का बहिष्कार किया है। हालांकि इनमें से एकाधिक सभासद पहले मंच तक पहुंच भी गये थे लेकिन बाद में उनके अलंबरदारों ने उन्हें वहां से लौटा लिया। इसके इतर, अंदरखाते की बात यह मानी जा रही है कि इन सभासदों की मंशा यह थी कि उनके भी कुछ शुभचिंतकों को मंच शेयर करवाया जाये लेकिन मैंनेजमेंट टीम इसके लिये राजी नहीं हुई।






Leave a comment