कोंच-उरई । हरी मटर की आवक को देखते हुये पुलिस ने शहर के भीतर यातायात की व्यवस्था नहीं बिगडऩे देने और जाम की संभावित समस्या से निजात पाने के लिये भारी वाहनों और मटर लदे ट्रैक्टरों को शहर में नहीं घुसने देने की रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। सीओ रुक्मिणी वर्मा ने आज कोतवाली पुलिस के साथ इस बात पर मंत्रणा की और एसएसआई मनोज सिंह को रूट चार्ट बना कर नई व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिये हैं। सीओ का कहना है कि इन वाहनों को कैलिया बाईपास और नहर सर्विस रोड के रास्ते मंडी पहुंचने के लिये कहा जायेगा।

दरअसल, कोंच हरी मटर की काफी बड़ी मंडी है और अब चूंकि सीजन आ रहा है और दो चार दिन में हरी मटर की आवक शुरू होने से कोंच शहर के अंदर की स्थिति काफी खराब हो जाती है। जहां तहां जाम की स्थिति बनती है और दुर्घटनाओं को भी न्यौता मिलने की आशंका हमेशा बलवती बनी रहती है। इस तरह कोंच शहर के भीतर की यातायात व्यवस्था बेपटरी हो जाती है। इस समस्या से निपटने के लिये चिंतित सीओ कोंच रुक्मिणी वर्मा ने कोतवाली पुलिस के साथ बैठक की और इस समस्या से निपटने पर गहन चर्चा की। मंत्रणा के बीच तय हुआ कि मटर लदी और माल बेचने के बाद खाली ट्रैक्टर ट्रालियों को शहर के अंदर से नहीं गुजरने दिया जायेगा। महेशपुरा रोड, कैलिया रोड और पहाडग़ांव रोड से आने जाने बाले ट्रैक्टरों को कैलिया बाईपास के मार्फत मंडी तक पहुंच बनाई जायेगी, जबकि पिंडारी रोड के वाहनों को नहर सर्विस रोड पकड़वाया जायेगा। इस व्यवस्था को लागू करने के लिये जल्दी ही रोड मैप बनाने के उन्होंने निर्देश दिये। इसके अलावा कैलिया रूट की बसों के लिये भी इसी व्यवस्था को लागू किया जा सकता है। गौरतलब है कि अभी कैलिया आने जाने बाली बसें शहर के बीच से होकर गुजरतीं हैं जिससे यातायात व्यवस्था बिगड़ती रहती है।

 

Leave a comment