उरई। कोंच थाना क्षेत्र में तीतरा खलीलपुर के पास गत 2 दिसम्बर को जेठ के साथ मोटर साइकिल से जा रही नव विवाहिता की सनसनीखेज लूट मामले का खुलासा हो गया है। इस मामले में गिरफ्तार एक आरोपी से पुलिस ने युवती के लूटे गये अधिकांश जेवर बरामद कर लिए हैं।
गौरतलब है कि गत 2 दिसम्बर को थाना रेढ़र के ग्राम गड़ेरना निवासी उपेंद्र कुमार अपने छोटे भाई की पत्नी की चैथी चलवाकर लौट रहे थे। इसी दौरान तीतरा खलीलपुर के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने टक्कर मारकर उनकी मोटर साइकिल गिरा दी और इसके बाद उनकी बहू के सारे जेवर उतरवा लिए और उनसे पांच हजार रुपये व मोबाइल छीनकर भाग निकले।
पुलिस ने यह मामला दर्ज करने के बाद छानबीन की तो तीन लोग इस मामले में प्रकाश में आये। जो पंकज तिवारी, सत्येंद्र उर्फ सच्चू तिवारी व राहुल बताये गये हैं। पुलिस ने सुरागरशी करके पंकज तिवारी को शुक्रवार को दबोच लिया। आज इसकी जानकारी पत्रकार वार्ता में देते हुए पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने बताया कि पंकज तिवारी से 315 बोर का तमंचा, तीन अंगूठी, मंगलसूत्र, झुमका व पांच मूंगा के नग बरामद किये गये। जेवरों को देखकर युवती ने पुष्टि की है कि वह उसी से लूटे हुए जेवर हैं। पंकज तिवारी ने बताया कि वारदात के बाद राहुल यादव उसे और सच्चू तिवारी को उनके गांव कुवरपुरा छोड़ गया था। लूट की पांच हजार रुपये की रकम वह अपने साथ ले गया था। जबकि जेवर उसके पास थे। पत्रकार वार्ता में अपर पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र नाथ तिवारी व उपाधीक्षक कोंच रुक्मणि वर्मा भी मौजूद थी।

Leave a comment