उरई। रामपुरा की सब्जी मंडी में मोटर साइकिल पर लटके रुपयों से भरा बैग लेकर भाग रहे बदमाशों में से दो को लोगों ने दबोच लिया जबकि एक बदमाश भाग निकला। पकड़े गये बदमाशों में से एक के पास से लूटी गई रकम में से 10 हजार रुपये बरामद हो गये हैं।
घटना के बारे में बताया गया है कि रामपुरा थाना क्षेत्र के टीहर ग्राम निवासी मानवेंद्र उर्फ मनीष गुबरेले ने अपने बाबा राधेश्याम के साथ शुक्रवार को इलाहाबाद बैंक की रामपुरा ब्रांच से 40 हजार रुपये निकाले थे। इसके बाद जब वे खरीददारी करने सब्जी मंडी में थे उसी समय एक बदमाश ने रुपयों से भरा उनका बैग उनकी बाइक से उतार लिया और भागने लगा। यह देख वे भी उसके पीछे भागे। कुछ ही दूर पर उसके दो साथी बाइक लिए खड़े थे। जिस पर सवार होकर तीनों ने फरार हो जाने की कोशिश की। लेकिन तब तक रामदत्त दुबे, अतुल पचैरी आदि लोगों ने तीनों को खदेड़ लिया जिससे दो लोग पकड़े गये जबकि एक बदमाश भाग निकला।
बाद में मानवेंद्र ने रामपुरा थाने पहुंचकर पूरी घटना के बाबत तहरीर दी और दोनों पकड़े गये आरोपियों को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। इनमें एक अंशू उर्फ भगवान सिंह दोहरे निवासी सचोखरा थान बिठौली जिला इटावा व दूसरा दीपू निवासी गहेसर थाना दिबियापुर जिला औरैया शामिल हैं। अंशू के पास से लूटे गये 40 हजार रुपयों में से 10 हजार रुपये बरामद हो गये हैं। दोनों आरोपियों ने बताया कि शुक्रवार को ही उन्होंने छोटी भेड़ निवासी भूरा पत्नी दयाराम के 20 हजार रुपये टैंपों में सवार होते हुए छीन लिए थे। पुलिस ने उनकी बाइक यूपी 79 पी 4374 भी जब्त कर ली है।

Leave a comment